स्पोर्ट्स डेस्क : पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच IPL मैच के बाद एक वीडियो पोस्ट करने पर ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। इस वीडियो का अंदाज मजाकिया था जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इस पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं आईं, खासकर KKR के फैंस की तरफ से। कई यूजर्स ने इसके मैसेज की आलोचना की जिससे श्रेष्ठा के लिए नेगेटिव और अभद्र कमेंट्स की बाढ़ आ गई।
समय के साथ यह विरोध और तेज हो गया जिसके चलते आखिरकार उन्हें वह वीडियो डिलीट करना पड़ा। KKR और PBKS के बीच यह बारिश के कारण मैच बेनतीजा रहा और दोनों टीमों को एक-एक पॉइंट मिला। श्रेष्ठा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'मैंने अपना हालिया वीडियो हटाने का फैसला किया है, क्योंकि ऐसा लगता है कि कुछ लोगों ने इसे गलत समझ लिया। यह सिर्फ मजाक-मस्ती के लिए था लेकिन मैं इस बात का सम्मान करती हूं कि हर किसी ने इसे उस नजर से नहीं देखा। हालांकि इस पर न सिर्फ नेगेटिविटी, बल्कि कुछ धमकी भरे मैसेज भी मिलना काफी परेशान करने वाला रहा। मुझे इसकी बिल्कुल उम्मीद नहीं थी, खासकर ऐसी चीज के लिए जिसका मकसद कभी किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं था।'
श्रेष्ठा ने आगे साफ किया कि वायरल वीडियो को डिलीट करने का उनका फैसला, यह मानना नहीं था कि उन्होंने कुछ गलत किया है, बल्कि यह ऑनलाइन नेगेटिविटी को बढ़ने से रोकने के लिए उठाया गया एक सोचा-समझा कदम था। श्रेष्ठा ने लिखा, 'मैं यह वीडियो इसलिए नहीं हटा रही हूं कि मुझे लगता है कि मैंने कुछ गलत किया है, बल्कि इसलिए हटा रही हूं क्योंकि मैं अपने भाई और उसकी टीम का सम्मान करती हूं, और मैं नहीं चाहती कि यह जगह नेगेटिविटी से भर जाए। चलिए, हम सब एक-दूसरे के साथ थोड़ा ज़्यादा प्यार और समझदारी से पेश आने की कोशिश करें।'
KKR अभी पॉइंट्स टेबल पर नौवें स्थान पर है, जिसके पास सिर्फ एक पॉइंट है, जो उसे बेनतीजा रहे मैच से मिला था। वहीं, PBKS ने इस सीजन की शानदार शुरुआत की है और वह दूसरे स्थान पर है जिसने अपने पहले तीन मैचों में से दो में जीत हासिल की है।