Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को IPL 2026 से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट के बड़े हिस्से से बाहर रह सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने हाल ही में सर्जरी कराई है और फिलहाल रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं।

वापसी की तारीख पर सस्पेंस

राणा की वापसी को लेकर अभी तक बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने कोई स्पष्ट समयसीमा तय नहीं की है। वह लगातार रिहैब कर रहे हैं, लेकिन उनकी फिटनेस को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। ऐसे में उनके शुरुआती मैचों में खेलने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है।

वर्ल्ड कप से भी हुए थे बाहर

हर्षित राणा को यह चोट भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 वर्ल्ड कप वॉर्म-अप मैच के दौरान लगी थी। उन्होंने सिर्फ एक ओवर फेंका था और फिर मैदान छोड़ना पड़ा। बाद में सर्जरी के कारण वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया था।

हाल ही में मिला बड़ा सम्मान

चोट के बावजूद हर्षित राणा को हाल ही में बीसीसीआई नामन अवॉर्ड्स में बेस्ट इंटरनेशनल डेब्यूटेंट का अवॉर्ड मिला। यह उनके शानदार प्रदर्शन को दर्शाता है और बताता है कि वह टीम के लिए कितने अहम खिलाड़ी बन चुके हैं।

KKR की बढ़ी मुश्किलें

राणा की गैरमौजूदगी KKR के लिए बड़ा झटका है। टीम पहले से ही कई फिटनेस समस्याओं से जूझ रही है। श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना भी चोट से उबर रहे हैं, जबकि मुस्तफिजुर रहमान टीम का हिस्सा नहीं हैं।

टीम ने किया रिप्लेसमेंट

KKR ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को टीम में शामिल किया है। वह पाकिस्तान सुपर लीग छोड़कर IPL के लिए टीम से जुड़ेंगे।

कब शुरू होगा अभियान

KKR 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद टीम अपने घरेलू मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स से भिड़ेगी।