Sports

जयपुर : दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बॉलिंग कोच मुनाफ पटेल ने टी20 क्रिकेट में गेंदबाजों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जहां बल्लेबाज अकेले दम पर मैच जिता सकते हैं, वहीं टूर्नामेंट का नतीजा अंततः गेंदबाजी के प्रदर्शन से ही तय होता है। इसी के साथ ही पटेल ने मिशेल स्टार्क की उपलब्धता पर भी अपडेट जारी किया और राजस्थान के खिलाफ मैच में उपलब्ध रहेंगे। शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स (RR) के साथ होने वाले मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए पटेल ने आधुनिक टी20 मैचों में ज्यादा रन बनने की प्रवृत्ति की ओर इशारा किया, लेकिन इस बात पर जोर दिया कि अनुशासित गेंदबाजी ही लगातार सफलता की कुंजी है। 

पटेल ने कहा, 'मैं हमेशा यह कहता हूं कि एक मैच बल्लेबाज जिता सकते हैं, लेकिन टूर्नामेंट गेंदबाज ही जिताते हैं। क्योंकि अगर आप देखें, तो कल भी लगभग 250 रन बने थे। इसलिए जाहिर है कि अगर गेंदबाज अच्छी गेंदबाजी करते हैं, तो आप टूर्नामेंट जीत सकते हैं। बल्लेबाज आपको एक मैच जिता सकते हैं, लेकिन अगर आप अच्छी गेंदबाजी नहीं करते, तो आप टूर्नामेंट नहीं जीत सकते। इस बात पर मेरा पूरा विश्वास है।' 

पटेल ने तेज गेंदबाजी के अगुआ मिचेल स्टार्क के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि यह ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज कल के मुकाबले के लिए चयन के लिए उपलब्ध है। उन्होंने कहा, 'वह कल से उपलब्ध है। हमारा सबसे बेहतरीन गेंदबाज निश्चित रूप से खेलेगा, लेकिन अंतिम फैसला कल ही लिया जाएगा। उसके वापस आने से निश्चित रूप से मदद मिलेगी। जिन तेज गेंदबाजों को पावरप्ले में संघर्ष करना पड़ा होगा, उन्हें अब और ज़्यादा मदद मिलेगी।'