स्पोर्ट्स डेस्क : लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मालिक संजीव गोयनका ने ऋषभ पंत की कप्तानी को लेकर चल रही अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी है। अफवाहें थीं कि IPL 2026 सीजन से पहले इस विकेटकीपर-बल्लेबाज से फ्रेंचाइजी में कप्तानी की भूमिका छीनी जा सकती है। गोयनका ने इन रिपोर्टों को गलत बताया और 28 वर्षीय पंत को टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दीं।
IPL 2025 के दौरान अपने औसत दर्जे के प्रदर्शन के कारण LSG के कप्तान को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था। पिछले साल की मेगा नीलामी में 27 करोड़ रुपए की भारी-भरकम कीमत पर खरीदे जाने के बाद इस बाएं हाथ के बल्लेबाज से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। टूर्नामेंट के 19वें संस्करण से पहले उन्हें कप्तानी से हटाकर किसी और को कप्तान बनाने की अफवाहें फैलने लगी थीं।
गोयनका ने इन सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया और पंत के "चरित्र और समर्पण" की तारीफ करते हुए उन्हें "एक शानदार सीजन" की शुभकामनाएं दीं। गुरुवार को X (ट्विटर) पर की गई एक पोस्ट में गोयनका ने लिखा, 'सीजन की शुरुआत से पहले मैंने ऋषभ पंत की कप्तानी को लेकर चल रही अटकलों को पढ़ा और मुस्कुरा दिया। हमने एक-दूसरे के साथ इतना समय बिताया है कि हम उनके चरित्र और समर्पण को अच्छी तरह जानते हैं। आपका सीजन शानदार रहे, कैप्टन!'
IPL 2025 के दौरान भी इसी तरह की एक कहानी सामने आई थी, जब पंत ने खुद ही स्थिति को संभाला था। X पर एक यूजर ने यह सुझाव दिया था कि IPL 2026 सीजन से पहले पंत को टीम से बाहर किया जा सकता है क्योंकि LSG के मालिकों का मानना था कि उनकी कीमत (सैलरी) जायज नहीं है। LSG के कप्तान ने उस यूजर को जवाब देते हुए कहा X पर लिखा था, "मैं समझता हूं कि फर्जी खबरों से कंटेंट को ज्यादा अटेंशन मिलती है, लेकिन हमें हर चीज को इसी के इर्द-गिर्द नहीं घुमाना चाहिए। किसी एजेंडे के तहत फर्जी खबरें बनाने के बजाय, थोड़ी समझदारी और विश्वसनीय खबरें ज्यादा मददगार साबित होंगी। धन्यवाद, आपका दिन शुभ हो। सोशल मीडिया पर हम जो कुछ भी डालते हैं, उसके प्रति हमें जिम्मेदार और समझदार होना चाहिए।'