स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 का फाइनल रविवार (31 मई) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) आमने-सामने होंगी। रजत पाटीदार की अगुआई वाली RCB लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतने के इरादे से उतरेगी, जबकि शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस पांच साल में दूसरी बार खिताब अपने नाम करना चाहेगी।
RCB ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं GT ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराकर वापसी करते हुए फाइनल का टिकट कटाया।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
कुल मैच: 9
गुजरात टाइटंस जीते: 5
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जीती: 4
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
गुजरात टाइटंस के लिए कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन शानदार फॉर्म में हैं। गिल ने इस सीजन 15 मैचों में 722 रन बनाए हैं, जबकि सुदर्शन के नाम 16 मैचों में 710 रन हैं।
RCB की बात करें तो विराट कोहली 600 रन बनाकर टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। वहीं भुवनेश्वर कुमार 26 विकेट लेकर गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई कर रहे हैं। कप्तान रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल और क्रुणाल पंड्या ने भी टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई है।
पिच रिपोर्ट (नरेंद्र मोदी स्टेडियम)
अहमदाबाद की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं, लेकिन नई गेंद से तेज गेंदबाजों को भी अच्छी मदद मिलती है। गुजरात ने इस सीजन अपने घरेलू मैदान पर सात में से पांच मुकाबले जीते हैं, जिससे उसे घरेलू परिस्थितियों का फायदा मिल सकता है।
मौसम का हाल
फाइनल से पहले मौसम को लेकर कुछ चिंता जरूर है। हालांकि मैच के दौरान हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन आयोजकों को उम्मीद है कि मुकाबला बिना किसी बड़े व्यवधान के पूरा हो सकेगा।
संभावित प्लेइंग 11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB): फिल सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार।
गुजरात टाइटंस (GT): साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।