Sports

नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले सत्र में अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरी थी तथा इस टी20 टूर्नामेंट के आगामी सत्र में भी कुछ युवा खिलाड़ी अपना जलवा दिखा सकते हैं। सभी 10 फ्रेंचाइजी टीम में से एक ऐसे खिलाड़ी को चुना है जो अगले आठ सप्ताह में क्रिकेट जगत में सितारा बनकर उभर सकता है। इस सूची में उन भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं जिन्होंने या तो अभी तक आईपीएल में पदार्पण नहीं किया है या अब तक पांच से कम मैच खेले हैं। 

प्रशांत वीर (चेन्नई सुपर किंग्स)  

भारत में ऐसे कई क्रिकेटर हैं जो धीमी गति से बाएं हाथ से गेंदबाजी करते हैं और बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। लेकिन अमेठी में जन्मे 20 वर्षीय प्रशांत वीर की तरह रवींद्र जडेजा की जगह भरने की चुनौती का सामना कोई नहीं कर रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स ने इससे पहले युवा खिलाड़ियों पर इतना अधिक भरोसा कभी नहीं दिखाया था। इस फ्रेंचाइजी ने ट्रायल के दौरान प्रशांत वीर का खेल देखा और इस आधार पर 14.20 करोड़ रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपने साथ जोड़ा। प्रशांत वीर ने अब तक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (एसएमएटी) में केवल नौ मैच खेले हैं, लेकिन 6.45 की गेंदबाजी इकॉनमी रेट और 167 से अधिक के बल्लेबाजी स्ट्राइक रेट के साथ उम्मीद जगा दी है कि आईपीएल के इस सत्र में वह अपनी विशेष छाप छोड़ सकते हैं।

औकिब नबी (दिल्ली कैपिटल्स) 

औकिब नबी की उम्र 29 साल है और उन्हें युवा खिलाड़ी नहीं कहा जा सकता है लेकिन उनके प्रदर्शन पर सभी की नजर रहेगी। उनके पास घरेलू क्रिकेट का आठ साल का अच्छा खासा अनुभव है। नबी ने रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम जम्मू कश्मीर को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 60 से अधिक विकेट लिए। उनके लिए आईपीएल काफी महत्वपूर्ण होगा क्योंकि इससे वह भारतीय टीम में जगह बनाने के दावेदार भी बन जाएंगे। उन्होंने एसएमएटी में जम्मू-कश्मीर के लिए 34 टी20 मैच खेले हैं और 7.74 का इकॉनमी रेट उस खिलाड़ी के लिए अच्छा है जो ज्यादातर पावरप्ले में गेंदबाजी करता है। चिंता का एकमात्र पहलू उनकी औसत गति है, जो 130 के आसपास है और अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज उन्हें निशाना बना सकते हैं।

अशोक शर्मा (गुजरात टाइटन्स) 

अशोक भारत के सबसे तेज युवा गेंदबाजों में से एक हैं। वह पहले राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिला है। इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि इस 23 वर्षीय खिलाड़ी को इस सत्र में गुजरात से खेलने का मौका मिलेगा, क्योंकि उसकी टीम में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ-साथ कैगिसो रबाडा जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज हैं। हालांकि बैकअप के तौर पर उपलब्ध भारतीय तेज गेंदबाजों में गुजरात टाइटन्स के मुख्य कोच आशीष नेहरा अशोक पर नजर डाल सकते हैं, क्योंकि उन्होंने इस साल के एसएमएटी में 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की थी। 

तेजस्वी दहिया (कोलकाता नाइट राइडर्स) 

कोलकाता नाइट राइडर्स के मुख्य कोच अभिषेक नायर के शिष्य अंगकृष रघुवंशी को बल्लेबाज-विकेटकीपर के रूप में तैयार किया जा रहा है क्योंकि वह पहले ही आईपीएल के कुछ सत्र में खेल चुके हैं। लेकिन दिल्ली के रहने वाले 23 वर्षीय दहिया भी एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें अगर लगातार मौका मिले तो वह अच्छे परिणाम दे सकते हैं। उन्होंने पिछले एसएमएटी टूर्नामेंट में दिल्ली के लिए अर्धशतक बनाया था। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 168 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे और वह मध्य क्रम में एक अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं। 

नमन तिवारी (लखनऊ सुपर जाइंट्स) 

भारत में बाएं हाथ के अच्छे तेज गेंदबाज बहुत कम हैं और 2024 में अंडर-19 विश्व कप में खेलने वाले नमन तिवारी ने ट्रायल के दौरान सभी को प्रभावित किया है। यह 20 वर्षीय खिलाड़ी नियमित रूप से 140 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करता है। उन्होंने 2024 में यूपी टी20 लीग में नोएडा किंग्स के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था और जरूरत पड़ने पर वह एक उपयोगी विकल्प हो सकते हैं। तिवारी में दाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए गेंदों को सीधा फेंकने की क्षमता है। 

अल्लाह गज़नफर (मुंबई इंडियंस) 

अगर आईपीएल के प्रशंसक किसी एक गेंदबाज को देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, तो वह निश्चित रूप से 20 वर्षीय गजनफर हैं, जो अफगानिस्तान के 'मिस्ट्री स्पिनरों' में नया नाम हैं। ग़ज़नफ़र को पिछले सत्र में केकेआर के लिए खेलना था, लेकिन उन्होंने खेलने से मना कर दिया था। उन्होंने एमआई एमिरेट्स के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है और इस सत्र में मुंबई के मुख्य कोच माहेला जयवर्धने उन्हें चार विदेशी खिलाड़ियों में से एक के रूप में इस्तेमाल करने पर विचार कर सकते हैं। 

मिशेल ओवेन (पंजाब किंग्स) 

पिछले सत्र में ओवेन को एक मैच में केवल दो गेंदों का सामना करने का मौका मिला, लेकिन इस बार तस्मानिया का यह खिलाड़ी होबार्ट हरिकेंस की तरफ से शानदार प्रदर्शन करके यहां पहुंच रहा है। उन्होंने बिग बैश लीग के 36 मैचों में 187 का स्ट्राइक रेट और अपने करियर के 75 टी20 मैचों में 180 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। इस 24 वर्षीय खिलाड़ी में गेंद को जोरदार तरीके से मारने की क्षमता है और इसके अलावा वह मध्यम गति से एक या दो ओवर भी फेंक सकता है। 

रवि सिंह (राजस्थान रॉयल्स) 

रेलवे का यह 24 वर्षीय खिलाड़ी घरेलू स्तर पर अपनी क्षमता दिखा चुका है। उन्होंने पिछले साल एसएमएटी में अपनी टीम के लिए 173 के स्ट्राइक रेट से 218 रन बनाए थे। विदर्भ के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी 38 गेंदों में खेली गई 68 रन की पारी निस्संदेह सबसे यादगार रही। विदर्भ के गेंदबाजी आक्रमण में आईपीएल खिलाड़ी यश ठाकुर, हर्ष दुबे और दर्शन नालकंडे शामिल थे। इस पारी के चलते उन्हें राजस्थान रॉयल्स से 95 लाख रुपये का करार मिला और इस सत्र में उनके प्रदर्शन को देखना दिलचस्प होगा। 

जेकब बेथेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) 

इस 22 वर्षीय खिलाड़ी को पिछले सत्र में जिन दो मैचों में खेलने का मौका मिला था, उनमें से एक में उन्होंने अर्धशतक बनाया था। इस बार बेथेल को अधिक मैच खेलने का मौका मिलना तय है क्योंकि वह वानखेड़े में भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में शानदार शतक लगाने के बाद आईपीएल में वापसी कर रहे हैं। चिन्नास्वामी की पिच वह जितेश शर्मा के साथ मिलकर विपक्षी टीमों के लिए एक बुरा सपना साबित हो सकते हैं। 

शिवांग कुमार (सनराइजर्स हैदराबाद) 

मध्य प्रदेश के 23 वर्षीय खिलाड़ी शिवांग बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर हैं, जो उन्हें एक दुर्लभ प्रतिभा बनाता है। भारतीय टीम में कुलदीप यादव ऐसे गेंदबाज हैं। कुलदीप हालांकि क्रीज तक पहुंचने के लिए कोणीय रन-अप लेते हैं, शिवांग का रन-अप अधिक पारंपरिक और सीधा होता है। वह निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज भी हैं, लेकिन यह देखना बाकी है कि सनराइजर्स के मुख्य कोच डेनियल वेटोरी अंतिम एकादश में उनके लिए कोई जगह बना पाते हैं या नहीं।