Sports

खेल डैस्क : सनराइजर्स हैदराबाद ने सीजन के सबसे रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस को धूल चटा दी है। हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में उतरी मुंबई अपनी खराब गेंदबाजी और फील्डिंग के कारण निराश कर गई। हैदराबाद ने पहले खेलते हुए क्लासेन, अभिषेक और ट्रेविस हेड के अर्धशतकों की मदद से 277 रन बनाए। यह आईपीएल इतिहास का एक पारी में किसी टीम द्वारा बनाया गया सर्वाधिक स्कोर है। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस 5 विकेट के नुकसान पर 246 रन ही बना पाई। मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने 64 तो टिम डेविड ने 42 रन बनाए लेकिन यह टीम के काम नहीं आए और उन्हें 31 रन से हार झेलनी पड़ी।

 

सनराइजर्स हैदराबाद : 277/3 (20 ओवर)

हैदराबाद को ट्रेविस हेड ने तेजतर्रार शुरूआत दी। उन्होंने शुरूआती ओवरों में ही जेराल्ड, मफाका और हार्दिक की गेंदों पर खूब चौके छक्के बरसाए। ट्रेविस ने 18 गेंदों पर अर्धशतक लगाया जोकि हैदराबाद की ओर से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक रहा। उन्होंने 24 गेंदों पर 9 चौके और तीन छक्कों की मददसे 62 रन बनाए। मयंक अग्रवाल 13 गेंदों पर 11 रन बनाकर हार्दिक का शिकार हुए। इसके बाद एडेन मार्करम के साथ मिलकर अभिषेक शर्मा ने हाथ खोले और 10 ओवरों के अंदर ही स्कोर 130 से पार लगा दिया। अभिषेक लय में दिखे। 16 गेंदों पर अर्धशतक के दौरान उन्होंने मुंबई के सभी गेंदबाज धोए। उन्होंने 23 गेंदों पर तीन चौके और सात छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने एडेन मार्करम के साथ मिलकर स्कोर 200 पार करवाया। हेनरिक ने 34 गेंदों पर 4 चौके और 7 छक्कों की मदद से 80 रन बनाए। वहीं, एडेन मार्करम ने 28 गेंदों पर 2 चौके और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाए और स्कोर 277 तक पहुंचा दिया।

 

मुंबई इंडियंस : 246-5 (20 ओवर)

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को दोनों ओपनर्स ईशान किशन और रोहित शर्मा ने तेजतर्रार शुरूआत दी। ईशान ने जहां 13 गेंदों पर दो चौकों और 4 छक्कों की मदद से 34 रन बनाए तो वहीं, रोहित शर्मा ने 12 गेंदों पर एक चौके और 3 छक्कों की मदद से 26 रन बनाए। इनकी बदौलत मुंबई में पहले पांच ओवर में ही स्कोर 67/2 बना लिया। इसके बाद नमन धीर 14 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 30 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन तिलक वर्मा ने कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और 13 ओवर में ही स्कोर 170/3 तक पहुंचा दिया। तिलक इस दौरान 5 छक्कों की मदद से अर्धशतक पूरा करने में सफल रहे। तिलक 34 गेंदों पर 64 रन बनाकर आऊट हुए। हार्दिक की धीमी पारी टीम पर भारी पड़ी। उन्होंने 20 गेंदों पर 24 रन बनाए। हालांकि टिम डेविड ने एक छोर संभालकर 200 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए लेकिन लक्ष्य बहुत दूर रह गया। टिम डेविड ने 22 गेंदों पर 3 छक्कों की मदद से 42 रन बनाए।


 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
सनराइजर्स हैदराबाद :
ट्रैविस हेड, मयंक अग्रवाल, अभिषेक शर्मा, एडेन मार्कराम, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, मयंक मारकंडे, जयदेव उनादकट।
मुंबई इंडियंस : ईशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, नमन धीर, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, गेराल्ड कोएत्ज़ी, शम्स मुलानी, पीयूष चावला, जसप्रीत बुमराह, क्वेना मफाका।