Sports

खेल डैस्क : महिला टी20 विश्व कप 2024 में भारत की शुरूआत खराब रही। न्यूजीलैंड के हाथों पहले ही मुकाबले में हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली टीम को हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले के दौरान न्यूजीलैंड की ऑलराऊंडर अमेलिया कैर का विवादित रन आऊट चर्चा का विषय रहा। हालांकि अमेलिया ज्यादा बड़ा रन नहीं बना पाई लेकिन इस घटनाक्रम ने भारतीय टीम की लय तोड़ने का काम किया। मैच में भारतीय टॉप क्रम बुरी तरह फ्लॉप रहा जोकि चिंता बढ़ा रहा है। 

 

यह भी पढ़ें:-  IND vs BAN T20i Series : टीम इंडिया की प्रैक्टिस शुरू, फील्डिंग में बहाया पसीना, पकड़े ट्रीकी कैच

 


भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने हार के कारणों पर चर्चा करते हुए कहा कि हमने आज अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट नहीं खेला। आगे चलकर हमें यह सोचना होगा कि हमें किन क्षेत्रों में सुधार करना है। अब हर खेल महत्वपूर्ण है और हमें अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना होगा। हमने मौके बनाए, ऐसा नहीं है कि हमने मौके नहीं बनाए। उन्होंने हमसे बेहतर क्रिकेट खेला, इसमें कोई शक नहीं। यह इतनी ऊंची स्टेज है जहां आप ये गलतियां नहीं कर सकते।

 

यह भी पढ़ें:-  IND vs NZ : अमेलिया केर के रन आऊट होने पर विवाद ? अंपायर ने पवेलियन से वापस बुलाया


हरमनप्रीत ने कहा कि हमने कई बार 160-170 का पीछा किया है। लेकिन उस पिच पर 10-15 रन बहुत ज्यादा थे। एक समय जिस तरह से उन्होंने शुरुआत की, मैं सोच रही थी कि स्कोर 180 तक जाएगा। यह वह शुरुआत नहीं थी जिसकी हम (इस टूर्नामेंट में) उम्मीद कर रहे थे। बता दें कि टीम इंडिया को ग्रुप ए में पहले ही मुकाबले में हार झेलनी पड़ी है। अब उनका आगामी मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ 6 अक्तूबर को होगा। इसके बाद श्रीलंका से 9 अक्टूबर तो 13 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबला होगा।

 

ऐसा रहा मुकाबला
टी20 विश्व कप के पहले ही मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा है। दुबई के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम रोजमेरी मैयर और ली ताहुहु की गेंदबाजी के आगे ढहढेरी हो गई। न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए कप्तान सोफी डिवाइन (57 रन) के अर्धशतक की बदौलत 4 विकेट पर 160 रन का स्कोर खड़ा किया था। जॉर्जिया प्लिमर ने 34 रन और सूजी बेट्स ने 27 रन का योगदान दिया। भारतीय गेंदबाज रेणुका सिंह ने 27 रन देकर 2 विकेट झटके जबकि अरूंधति रेड्डी और सोभना आशा को एक-एक विकेट मिला। जवाब में भारतीय टीम 102 रन पर ही सिमट गई। 

 

ऐसी है प्लेइंग 11
भारत :
शैफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, पूजा वस्त्राकर, श्रेयंका पाटिल, आशा शोभना, रेणुका ठाकुर सिंह। 

न्यूजीलैंड : सुजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर, अमेलिया केर, सोफी डिवाइन (कप्तान), ब्रुक हॉलिडे, मैडी ग्रीन, इसाबेला गेज़ (विकेटकीपर), जेस केर, रोज़मेरी मैयर, ली ताहुहु, ईडन कार्सन