Sports

खेल डैस्क : भारत ने बुधवार को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास अपने अंतरिक्ष यान - चंद्रयान -3 को सफलतापूर्वक लैंड करवा लिया। दक्षिणी ध्रुव पर जमे हुए पानी और मूल्यवान तत्वों के संभावित भंडार हैं। चंद्रयान शाम 6:04 बजे धीरे से चंद्रमा की सतह पर उतरा। यह देखकर बेंगलुरु में इसरो वैज्ञानिकों की सभा तालियां की आवाज से गूंज उठीं। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने गए पीएम नरेंद्र मोदी ने भी लैंडिंग का नजारा देखा और सभी को बधाई दी। इसी बीच भारतीय क्रिकेटर भी अपने फैंस को चंद्रयान की सफलता की बधाई देने से पीछे नहीं हटे। एक तरफ जहां आयरलैंड में खेल रही टीम  इंडिया के चीयर्स की वीडियो बीसीसीआई ने शेयर की तो दूसरी ओर भारतीय क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट शेयर कीं।