नई दिल्ली: चीन के गुइयांग में आयोजित बॉक्सिंग वर्ल्ड कप (स्टेज-2) में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। टूर्नामेंट के चौथे दिन भारत की स्टार बॉक्सर मीनाक्षी ने दमदार जीत दर्ज करते हुए महिलाओं की 51 किलोग्राम भारवर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
48 किलोग्राम वर्ग की मौजूदा विश्व चैंपियन और पूर्व विश्व नंबर-1 मीनाक्षी ने ओलंपिक 51 किलोग्राम वर्ग में खेलते हुए पोलैंड की नतालिया कुचेव्स्का को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराया।
हालांकि पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में भारत के अविनाश जमवाल को किर्गिस्तान के मिर्ज़ोखिद इमामनाज़ारोव के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ उनका सफर समाप्त हो गया।
अब तक भारत के पांच मुक्केबाज क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं। इनमें निखिल (55 किग्रा), दीपक (70 किग्रा), मीनाक्षी (51 किग्रा), प्राची (57 किग्रा) और सनेह (65 किग्रा) शामिल हैं। वहीं ज्योति (48 किग्रा) और जुगनू (85 किग्रा) सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक पहले ही पक्का कर चुके हैं।
टूर्नामेंट के पांचवें दिन चार भारतीय मुक्केबाज क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में उतरेंगे। महिलाओं के वर्ग में मीनाक्षी का सामना कजाकिस्तान की अलुआ बाल्किबेकोवा, सनेह का मुकाबला पोलैंड की किंगा क्रोव्का, जबकि प्राची का मुकाबला चीनी ताइपे की शिह यी वू से होगा। पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में निखिल का सामना अजरबैजान के अमीन मम्मदज़ादा से होगा।