Sports

जालन्धर : पाकिस्तान के मशहूर हॉकी खिलाड़ी मंसूर अहमद की मदद के लिए अब भारत से हाथ उठे हैं। फोर्टिस अस्पताल मुंबई के प्रबंधन का कहना है कि अगर भारत सरकार मंसूर को वीजा दे तो वह उनके इलाज का खर्च उठा लेगी। बता दें कि बीते दिनों अस्पताल में भर्ती मंसूर ने गुहार लगाई थी कि उन्हें हार्ट ट्रांसप्लांट कराने की जरूरत है। 

मंसूर ने कहा था कि उन्हें पता है कि उन्होंने कई भारतीयों का दिल वल्र्ड कप दौरान तोड़ा था जब भारतीय खिलाडिय़ों का शॉट गोल में जाने से रोक उन्होंने अपनी टीम को विश्व विजेता बनाया था। 

मंसूर ने एक वीडियो में भारतीय सरकर से वीजा की गुहार लगाते कहा था कि उन्हें आर्थिक मदद नहीं बल्कि मेडिकल वीजा की जरूरत है। मंसूर फिलहाल कराची के जिन्ना पोस्ट ग्रैजुएट मेडिकल सेंटर में भर्ती हैं और उनके डॉक्टर चौधरी परवेज ने मंसूर अहमद को भारत में इलाज कराने की सलाह दी है।

उधर, फोर्टिस अस्पताल, मुंबई के जोनल डायरेक्टर डॉ. एस नारायणी का कहना है कि जैसे ही मंसूर अहमद को भारत सरकार वीजा देगी, हम देखेंगे कि वह यात्रा के फिट हैं या नहीं। अस्पताल प्रशासन ने मंसूर अहमद का इलाज बिना पैसा लिए करने की भी बात कही है। 

वहीं, भारत से समर्थन मिलने पर खुशी जताते हुए मंसूर अहमद ने बताया कि वह भारत से मिले प्यार से अभिभूत हैं। उन्हें उन खिलाडिय़ों से भी समर्थन मिल रहा है जिनके साथ वह कभी खेले भी नहीं थे। अब मैं सिर्फ वीजा का इंतजार कर रहा हूं।