Sports

नई दिल्लीः गत चैंपियन भारत का 18 अगस्त से जकार्ता में शुरू होने वाले एशियाई खेलों की पुरूष हॉकी प्रतियोगिता में अपने खिताब बचाओ अभियान और टोक्यो ओलंपिक टिकट पाने के लिये पहला मुकाबला हांगकांग से होगा। एशियाई हॉकी महासंघ ने एशियाई खेलों की पुरूष और महिला हॉकी प्रतियोगिता का कार्यक्रम जारी किया है। यह टूर्नामेंट 2020 के टोक्यो ओलंपिक के लिये पहला क्वालिफायर है। साथ ही एशियाई खेलों की हॉकी में पहली बार वीडियो रेफरल सिस्टम का इस्तेमाल भी किया जाएगा।   

हॉकी प्रतियोगिता में 14 देशों की 21 टीमें पुरूष और महिला वर्ग में हिस्सा लेंगी और 14 दिनों में दोनों वर्गों में कुल 60 मैच खेले जाएंगे। हॉकी के मुकाबले जकार्ता में होंगे। पुरूष वर्ग में 11 टीमों को पांच और छह के दो वर्गों में बांटा गया है। भारत के पुरूष वर्ग के पूल ए में कोरिया, जापान, श्रीलंका और हांगकांग की टीमें हैं जबकि पूल बी में मलेशिया, पाकिस्तान, बंगलादेश, ओमान, थाईलैंड और इंडोनेशिया हैं।  महिला वर्ग में कुल 10 टीमें हैं और भारत के पूल बी में कोरिया, थाईलैंड, कजाखिस्तान और इंडोनेशिया हैं। पूल ए में चीन, जापान, मलेशिया, हांगकांग और चीनी ताइपे हैं। 

पुरूष वर्ग में भारत का पहला मैच हांगकांग से 22 अगस्त को, दूसरा मैच जापान से 24 अगस्त को, तीसरा मैच कोरिया से 26 अगस्त को और चौथा मैच श्रीलंका से 28 अगस्त को होगा। महिला वर्ग में भारत का पहला मुकाबला इंडोनेशिया से 19 अगस्त को, दूसरा मुकाबला कजाखिस्तान से 21 अगस्त को, तीसरा मुकाबला कोरिया से 25 अगस्त को और चौथा मुकाबला थाईलैंड से 27 अगस्त को होगा।  

दोनों वर्गाें में हर पूल से दो-दो शीर्ष टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। स्वर्ण पदक के महिला मैच 31 अगस्त को और पुरूष मैच एक सितंबर को खेले जाएंगे। विजेता टीम को टोक्यो ओलंपिक का टिकट मिल जाएगा। एशियाई खेलों के इस संस्करण में पहली बार हॉकी प्रतियोगिता में वीडियो रेफरल सिस्टम का इस्तेमाल होगा। हालांकि यह सिस्टम खेल का एक अभिन्न हिस्सा बन चुका है लेकिन एशियाई खेलों में पहली बार इसका इस्तेमाल किया जाएगा।

टीम: 
गोलकीपर: पी आर श्रीजेश (कप्तान), कृष्ण बी पाठक          
डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह, वरूण कुमार, अमित रोहिदास, सुरेंद्र कुमार, बिरेंद्र लकड़ा, रूपिंदर पाल सिंह          
मिडफील्डर: चिग्लेनसाना सिंह कन्गुजम (उपकप्तान), सरदार सिंह, मनप्रीत सिंह, सिमरनजीत सिंह और विवेक सागर प्रसाद          
फॉरवर्ड: आकाशदीप सिंह, एस वी सुनील, मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय और दिलप्रीत सिंह।