स्पोर्ट्स डेस्क: श्रीलंका के दांबुला में खेली जा रही ट्राई-नेशन ए सीरीज के मुकाबले में इंडिया ए ने अफगानिस्तान ए के खिलाफ शानदार शुरुआत की। युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए तेज अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। शुरुआती 19 ओवरों में ही भारत ने दो विकेट पर 153 रन बना लिए।
वैभव ने फिर दिखाई आक्रामक बल्लेबाजी
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपने आक्रामक अंदाज से सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने पारी की शुरुआत से ही अफगानिस्तान ए के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और सिर्फ 22 गेंदों में 44 रन ठोक दिए। अपनी पारी में उन्होंने 9 चौके लगाए। हालांकि वह अर्धशतक से छह रन पहले अब्दुल्ला अहमदजई की गेंद पर विकेटकीपर इशाक रहीमी को कैच दे बैठे।
प्रभसिमरन का बल्ला गरजा, शतक की ओर बढ़े
वैभव के आउट होने के बाद प्रभसिमरन सिंह ने मोर्चा संभाला। पंजाब किंग्स के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 39 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और लगातार रन बटोरते रहे। उन्होंने अफगान स्पिनरों के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की और 19 ओवर के बाद 79 रन बनाकर नाबाद थे। उनके साथ रुतुराज गायकवाड़ संयमित बल्लेबाजी करते हुए दूसरे छोर पर टिके रहे।
प्रियांश फिर नहीं चला, अफगान गेंदबाजों की वापसी की कोशिश
भारत को दूसरा झटका प्रियांश आर्य के रूप में लगा, जो सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि इससे पहले उन्होंने एक शानदार छक्का लगाया था। अफगानिस्तान ए के लिए अब्दुल्ला अहमदजई ने दोनों विकेट हासिल किए। वहीं मोहम्मद इब्राहिम का दिन बेहद खराब रहा, जिन्होंने शुरुआती ओवरों में जमकर रन लुटाए।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
इंडिया ए: वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, सूर्यांश शेडगे, अरशद खान, विप्रज निगम, अनुकूल रॉय, अंशुल कंबोज।
अफगानिस्तान ए: इमरान मीर (कप्तान), हसन इसाखिल, खालिद तानिवाल, एजाज अहमद अहमदजई, बहिर शाह, इशाक रहीमी (विकेटकीपर), खलील गुरबाज, जाहिर खान, अब्दुल्ला अहमदजई, मोहम्मद इब्राहिम, फरमानुल्लाह सफी।