Sports

मुंबई : भारत के करिश्माई बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के पिछली कुछ सीरीज में शानदार प्रदर्शन ने उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक कैलेंडर वर्ष में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी बना दिया है, जो रोहित शर्मा की टीम के लिए अच्छा संकेत है। इसी के साथ ही वह अब एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा छक्के (45) लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। 

बुधवार को तिरुवनंतपुरम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20आई के दौरान सूर्यकुमार ने एक और नाबाद अर्धशतक (33 गेंदों पर 50 रन) बनाया और भारत ने कम स्कोर वाले खेल में 20 गेंद शेष रहते 8 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। जीत के लिए 107 रनों का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के 51 और सूर्या के नाबाद 50 रन ने जीत को आसान बनाने और तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बनाने का काम किया। 

आईसीसी के अनुसार सूर्यकुमार ने इस साल टी20 इंटरनेशनल में अपना अविश्वसनीय खेल जारी रखते हुए इस प्रारूप में 700 से अधिक रन पूरे किए। 2022 में टी20आई में उनके रनों की संख्या एक भारतीय बल्लेबाज के लिए एक रिकॉर्ड है, जिसमें सूर्या ने 2018 में शिखर धवन के 689 रनों के प्रारूप में पार किया। उनका रिकॉर्ड तब और भी खास बन जाता है क्योंकि उन्होंने 180 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट और 40 से ज्यादा के औसत से यह रन बनाए हैं। 

टी20आई में एक कैलेंडर वर्ष में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी 

1. सूर्यकुमार यादव 732 रन, 40.66 औसत, 180.29 स्ट्राइक रेट, 2022। 
2. शिखर धवन 689 रन, 40.52 औसत, 147.22 स्ट्राइक रेट, 2018। 
3. विराट कोहली 641 रन, 106.83 औसत, 140.26 स्ट्राइक रेट, 2016। 
4. रोहित शर्मा 590 रन, 36.87 औसत, 147.5 स्ट्राइक रेट, 2018। 
5. रोहित शर्मा 497 रन, 29.23 औसत, 131.48 स्ट्राइक रेट, 2016। 
6. रोहित शर्मा 497 रन, 26.15 औसत, 146.17 स्ट्राइक रेट, 2022। 

सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में वह पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान से आगे निकल गए हैं जिन्होंने 2021 में 42 छक्के लगाए थे। न्यूजीलैंड के दिग्गज मार्टिन गप्टिल 2021 में 41 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। दिलचस्प बात यह है कि रिजवान ने अपने 42 छक्के लगाने के लिए 26 पारियां लीं, लेकिन सूर्यकुमार ने सिर्फ 21 पारियों में ऐसा किया। 

एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज 

सूर्यकुमार यादव - 45 छक्के (2022) 
मोहम्मद रिजवान - 42 छक्के (2021) 
मार्टिन गप्टिल - 41 छक्कों (2021)