स्पोर्ट्स डेस्क : महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर हाई-वोल्टेज मुकाबले का मंच तैयार है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम 14 जून को एजबेस्टन में अपने अभियान की शुरुआत चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने भारत-पाकिस्तान मैच से जुड़े दबाव और फैंस की उम्मीदों को लेकर खुलकर बात की है।
'पाकिस्तान से मत हारना', चौकीदार भी देता है सलाह
जेमिमा रोड्रिग्स ने बताया कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले का दबाव सिर्फ खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि आम क्रिकेट प्रशंसक भी इसे बेहद भावनात्मक रूप से देखते हैं। उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए कहा कि उनकी बिल्डिंग का चौकीदार भी उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ जीतने की सलाह देता है।
जेमिमा ने कहा, 'मेरी बिल्डिंग का चौकीदार भी मुझसे कहता है कि किसी से भी हार जाना, लेकिन पाकिस्तान से मत हारना। यही इस मुकाबले का दबाव है, क्योंकि लोग क्रिकेट और इस प्रतिद्वंद्विता से बहुत प्यार करते हैं।'
पहले भारत-पाक मैच से जुड़ी यादें की साझा
भारतीय बल्लेबाज ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार भारत-पाकिस्तान मैच खेला था, तब टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने खिलाड़ियों से इस दबाव को स्वीकार करने और उसे सकारात्मक तरीके से संभालने की बात कही थी। जेमिमा ने कहा, 'जब मैंने अपना पहला भारत-पाकिस्तान मैच खेला था, तब हरमन दी ने ड्रेसिंग रूम में कहा था कि हमें यह मानना होगा कि बाहर से दबाव है। हम सभी जानते हैं कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले का इतिहास क्या है और फैंस की हमसे क्या उम्मीदें हैं।'
सिर्फ पाकिस्तान नहीं, लक्ष्य है विश्व कप ट्रॉफी
हालांकि जेमिमा का मानना है कि टीम का फोकस सिर्फ पाकिस्तान को हराने तक सीमित नहीं है। भारतीय टीम का असली लक्ष्य महिला टी20 विश्व कप का खिताब जीतना है, जिसकी तैयारी टीम लंबे समय से कर रही है। उन्होंने कहा, 'विश्व कप ट्रॉफी उठाना ही हमारा सपना है। आज सुबह भी हमने टीम के रूप में उसी की कल्पना की। 2025 वनडे विश्व कप के दौरान भी हमने ऐसा किया था और कोच अमोल मजूमदार ने यहां भी इसे हमारी टीम संस्कृति का हिस्सा बनाया है।'
पाकिस्तान के बाद ये होगा भारत का कार्यक्रम
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के बाद भारतीय टीम 17 जून को नीदरलैंड से भिड़ेगी। इसके बाद 21 जून को दक्षिण अफ्रीका, 25 जून को बांग्लादेश और 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप चरण के मुकाबले खेलेगी।
भारत की टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव।