स्पोर्ट्स डेस्क : बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में आयरलैंड ने इतिहास रचते हुए भारत को 34 रन से हराकर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने कप्तान लॉर्कन टकर और गैरेथ डेलानी के अर्धशतकों की बदौलत 182/9 का स्कोर बनाया। जवाब में भारतीय टीम 148 रन पर सिमट गई। डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज मैट हॉलार्ड और जय मूंद्रा ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी।
इस हार के साथ भारत का आयरलैंड के खिलाफ टी20 में अजेय रिकॉर्ड भी टूट गया और अब दूसरे मुकाबले में जीत हासिल करना टीम के लिए बेहद जरूरी हो गया है।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है डेब्यू
दूसरे टी20 का सबसे बड़ा आकर्षण 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी हो सकते हैं। पहले मैच में उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली थी, लेकिन अब टीम प्रबंधन उन्हें मौका देने के मूड में दिख रहा है।
अगर वैभव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाता है तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे। इस मामले में वह 37 साल पुराना महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी को संजू सैमसन की जगह अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने का मौका मिल सकता है।
टीम इंडिया में तीन बदलाव की संभावना
पहले मुकाबले में खराब प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम तीन बदलाव कर सकती है।
तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की जगह प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है, जबकि वॉशिंगटन सुंदर की जगह सूर्यांश शेडगे को शामिल किए जाने की संभावना है। शेडगे निचले क्रम में विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ अतिरिक्त विकल्प भी देंगे।
वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर और उपकप्तान तिलक वर्मा अपने स्थान पर बरकरार रहेंगे। शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह भी टीम का हिस्सा बने रह सकते हैं।
दूसरे टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह
इन खिलाड़ियों को बैठना पड़ सकता है बाहर
अगर टीम में बदलाव होते हैं तो इन खिलाड़ियों को दूसरे टी20 में मौका नहीं मिल सकता है।
संजू सैमसन
वॉशिंगटन सुंदर
प्रसिद्ध कृष्णा
रवि बिश्नोई
सीरीज बचाने की चुनौती
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत अब हर हाल में जीत दर्ज कर सीरीज 1-1 से बराबर करना चाहेगा। अगर आयरलैंड दूसरा मुकाबला भी जीतने में सफल रहता है तो वह मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन भारत के खिलाफ पहली बार कोई द्विपक्षीय टी20 सीरीज जीतकर इतिहास रच देगा। ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा साबित होने वाला है।