Sports

खेल डैस्क : रांची में भारत और इंगलैंड के बीच चल रहे चौथे टेस्ट के दौरान मौसम भी करवट लेता नजर आया। दोपहर बाद अचानक जब बादल छा गए तो स्टेडियम की फ्लड लाइट चालू कर दी गईं। इससे इंगलैंड के कप्तान बेन स्टोक्स (Ben Stokes) नाराज नजर आए। उनका तर्क था कि अगर गेंद ठीक से नहीं दिख रही है तो आप गेम को रोक सकते हैं लेकिन ऐसे दिन में लाइट्स न जलाएं। लेकिन अंपायर धर्मसेना ने इसे जारी रखा जिससे इंगलैंड के अन्य क्रिकेटरों में भी नाराजगी देखने को मिली।


दरअसल, रांची में पूरे दिन छाये रहे बादलों के कारण अंधेरा हो गया था इसलिए फ्लड लाइटें जलाई गईं थीं। इससे पहले कि आखिरी गेंद फेंकी जाती और चाय बुलाई जाती, धर्मसेना शांति से स्टोक्स को जवाब देते नजर आए। स्पष्टीकरण मिलने के बाद स्टोक्स वापस अपनी फील्डिंग पोजीशन पर चले गए। इस दौरान उनके चेहरे पर निराशा के भाव थे।


बहरहाल, रांची टेस्ट इंगलैंड के पक्ष में जाता हुआ दिख रहा है। जो रूट के सीरीज के पहले शतक की बदौलत इंग्लैंड 353 रन का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रहा था। इसके बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों ने भी वापसी की। शोएब बशीर ने 4 विकेट लेकर इंग्लैंड को ड्राइविंग सीट पर ला खड़ा किया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 219/7 है।

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
इंग्लैंड :
जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोक्स (विकेटकीपर), टॉम हार्टले, ओली रॉबिन्सन, शोएब बशीर, जेम्स एंडरसन।
भारत : यशस्वी जयसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, रजत पाटीदार, सरफराज खान, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज।