Sports

खेल डैस्क : भारतीय युवा क्रिकेटरों ने क्रिकेट विश्व कप फाइनल में मिली हार के बाद दर्शकों को कुछ राहत दी है। फाइनल के 96 घंटे बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही शुरू हुई 5 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मैच टीम इंडिया सूर्यकुमार यादव की पारी की बदौलत जीतने में सफल रही। ऑस्ट्रेलिया ने पहले खेलते हुए मैथ्यू शॉर्ट के 110 और स्मिथ के 52 रनों की बदौलत 208 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी टीम इंडिया ने 22 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद ईशान किशन ने 52 तो सूर्यकुमार यादव ने 42 गेंदों पर 80 रन बनाकर टीम इंडिया को 200 के पास पहुंचा दिया। अंत में रिंकू सिंह डटे रहे। आखिरी ओवर में तीन विकेट जरूर निकली लेकिन रिंकू सिंह ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम इंडिया को जीत दिला दी।

 

यह भी पढ़ें:-  सूर्यकुमार यादव T20i में भारत की कप्तानी करने वाले 13वें भारतीय, देखें पूरी लिस्ट

 

इससे पहले टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। ऑस्ट्रेलिया ने सधी हुई शुरूआत की। ओपनिंग पर मैथ्यूज शॉर्ट के साथ स्टीव स्मिथ उतरे थे। शॉर्ट ने 11 गेंदों पर 13 रन बनाए। उन्हें रवि बिश्नोई ने बोल्ड किया। लेकिन इसके बाद जोश इंग्लिस ने तेजतर्रार पारी खेलते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान स्टीव स्मिथ उनका भरपूर साथ देते हुए नजर आए। स्मिथ ने रन आऊट होने  से पहले 41 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 52 रन बनाए। इसके बाद जोस ने अपना शतक पूरा किया। वह अपनी पारी के दौरान भारतीय गेंदबाजों पर पूरा समय हावी दिखे। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने जायसवाल के हाथों कैच आऊट कराया। लेकिन तब तक वह 50 गेंदों पर 11 चौके और 8 छक्कों की मदद से 110 रन बना चुके थे। 


टिम डेविड (19) ने आते ही बड़े शॉट लगाए और स्कोर 200 पार करवा दिया। स्टोइनिस नाबाद पवेलियन लौटे। अक्षर पटेल को छोड़कर भारत के सभी प्रमुख गेंदबाज महंगे साबित हुए। अर्शदीप ने जहां 4 ओवर में 41 रन दे दिए तो प्रसिद्ध कृष्णा ने 50 रन देकर एक विकेट लिया। अक्षर पटेल ने 32 रन दिए लेकिन उन्हें विकेटनहीं मिला। रवि बिश्नोई को एक विकेट मिला लेकिन उन्होंने 4 ओवर में 54 रन लुटा दिए। 

 

यह भी पढ़ें:-  IND vs AUS : जोश इंग्लिस ने एक पारी से इन 3 दिग्गजों का रिकॉर्ड किया बराबर

 

 

 

जवाब में खेलने उतरी भारतीय टीम को पहले ही ओवर में झटका लगा जब ऋतुराज गायकवाड़ बिना गेंद खेले रन आऊट हो गए। इसके बाद जायसवाल भी 8 गेंदों पर 21 रन बनाकर मैथ्यू शॉर्ट का शिकार हो गए। लेकिन इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने ईशान किशन के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की खबर लेनी शुरू कर दी। ईशान किशन ने पांच छक्कों की मदद से 39 गेंदों पर 52 रन बनाए। उनका विकेट तनवीर संघा को मिला। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने भी अपना तेजतर्रार अर्धशतक पूरा किया और टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

 

यह भी पढ़ें:-  IND vs AUS मैच में डायमंड डक हुए ऋतुराज गायकवाड़, बिना गेंद खेले ही लौट गए पवेलियन

 

सूर्यकुमार इस दौरान कप्तानी पारी खेलते हुए दिखे। उनका साथ देने के लिए तिलक वर्मा मैदान पर आए थे लेकिन वह 10 गेंदों पर 12 रन बनाकर संघा का शिकार हो गए। इसके बाद रिंकू सिंह ने आते ही बड़ी शॉट लगाए और दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान ला दी। सूर्यकुमार ने एक छोर संभाले ताबड़तोड़ हिटिंग जारी रखी।


सूर्यकुमार ने 42 गेंदों पर 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 80 रन बनाए। इसके बाद रिंकू सिंह ने एक छोर संभाले रखा। हालांकि इस दौरान अक्षर पटेल 6 गेंदों पर केवल 2 रन बनाकर आऊट हो गए। इससे अगली ही गेंद पर रवि बिश्नोई भी रन आऊट हो गए। टीम इंडिया को आखिरी 2 गेंद पर 2 रन की जरूरत थी। रिंकू ने शॉट लगाया लेकिन दो रन लेने के चक्कर में अर्शदीप सिंह रन आऊट हो गए। इसके बाद टीम को 1 गेंद पर 1 रन की जरूरत थी। क्रीज पर मुकेश कुमार आए। रिंकू स्ट्राइक पर थे। उन्होंने छक्का लगाकर मैच का अंत किया और टीम इंडिया को 2 विकेट से जीत दिला दी।


 

 

Cricket

 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत : रुतुराज गायकवाड़, यशस्वी जयसवाल, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार, प्रसिद्ध कृष्णा
ऑस्ट्रेलिया: मैथ्यू शॉर्ट, स्टीवन स्मिथ, जोश इंग्लिस, आरोन हार्डी, मार्कस स्टोइनिस, टिम डेविड, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर/कप्तान), सीन एबॉट, नाथन एलिस, जेसन बेहरेनडॉर्फ, तनवीर सांघा