स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार, 17 जून को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। धर्मशाला में पहला मुकाबला जीतकर भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है और अब उसकी नजरें दूसरा मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर होंगी।
भारत का पलड़ा भारी
पहले वनडे में भारत के लिए कई सकारात्मक बातें सामने आई। कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेली, जबकि केएल राहुल और ईशान किशन ने भी अहम योगदान दिया। गेंदबाजी में डेब्यू करने वाले गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने तीन-तीन विकेट लेकर प्रभावित किया। वहीं अर्शदीप सिंह ने नई गेंद से बेहतरीन शुरुआत दिलाई, जबकि नितीश कुमार रेड्डी ने बीच के ओवरों में शानदार गेंदबाजी की।
हेड-टू-हेड IND vs AFG ODI
कुल मैच: 9
भारत जीता: 8
अफगानिस्तान जीता: 0
टाई/नो रिजल्ट: 1
पिच रिपोर्ट (इकाना स्टेडियम)
लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच आमतौर पर गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। आईपीएल 2026 के दौरान यहां लो-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले थे और पहली पारी का औसत स्कोर 170 रन से भी कम रहा था। बड़ी बाउंड्री और धीमी पिच बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती है, जबकि तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों को यहां मदद मिलने की उम्मीद है।
मौसम रिपोर्ट लखनऊ
धर्मशाला की तरह इस मुकाबले में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान आसमान साफ रहेगा। दोपहर में तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि शाम के समय यह घटकर लगभग 33 डिग्री रहने की संभावना है। गर्मी खिलाड़ियों की फिटनेस की परीक्षा ले सकती है।
संभावित प्लेइंग 11
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, अल्लाह गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी/बिलाल सामी।