Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार, 13 जून को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों की शुरुआत करेगी, जबकि अफगानिस्तान राशिद खान और मोहम्मद नबी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के दम पर चुनौती पेश करने को तैयार है।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

कुल मैच: 8
भारत की जीत: 7
अफगानिस्तान की जीत: 0
टाई/बेनतीजा: 1

मौसम रिपोर्ट

धर्मशाला में मैच के दौरान मौसम अहम भूमिका निभा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि हल्की बारिश भी हो सकती है। बारिश की संभावना करीब 55 प्रतिशत बताई जा रही है। तापमान 12 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, ऐसे में मैच के दौरान बारिश से व्यवधान पड़ सकता है।

पिच रिपोर्ट

एचपीसीए स्टेडियम की पिच शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। नई गेंद से स्विंग और सीम मूवमेंट देखने को मिल सकती है, जिससे बल्लेबाजों को सतर्क रहना होगा। हालांकि मैच आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाजी आसान हो जाती है और बड़े स्कोर भी देखने को मिलते हैं। धर्मशाला का मैदान अपनी तेज आउटफील्ड और बल्लेबाजों के अनुकूल परिस्थितियों के लिए भी जाना जाता है।

संभावित प्लेइंग 11

भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह।

अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नंगेयालिया खरोटी, फरीद अहमद मलिक।

कब, कहां और कैसे देखें लाइव मैच?

भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे मैच 13 जून को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 1:00 बजे होगा। मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकता है। वहीं ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

NO Such Result Found