Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 6 जुलाई को विमेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 की 'टीम ऑफ द टूर्नामेंट' का ऐलान किया। इस टीम में चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के चार, उपविजेता इंग्लैंड के दो, जबकि भारत, पाकिस्तान, आयरलैंड, श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका की एक-एक खिलाड़ी को जगह मिली है। इसके अलावा स्कॉटलैंड की एक खिलाड़ी को 12वें खिलाड़ी के रूप में चुना गया। वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और नीदरलैंड की कोई भी खिलाड़ी इस टीम में जगह नहीं बना सकी।

ओपनिंग में डैनी वायट-हॉज और बेथ मूनी

इंग्लैंड की डैनी वायट-हॉज और ऑस्ट्रेलिया की विकेटकीपर बल्लेबाज बेथ मूनी को ओपनर चुना गया है। डैनी ने सात पारियों में 302 रन बनाकर टूर्नामेंट की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया। वहीं, बेथ मूनी ने सात पारियों में 238 रन बनाए। उन्होंने फाइनल में मैच जिताऊ अर्धशतक जड़कर ऑस्ट्रेलिया को रिकॉर्ड सातवां खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

मिडिल ऑर्डर में ऑलराउंडरों का दबदबा

नंबर-3 पर इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट को चुना गया, जिन्होंने चोट के कारण तीन मैच नहीं खेलने के बावजूद सिर्फ चार पारियों में 227 रन बनाए। नंबर-4 पर ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी को जगह मिली। उन्होंने 198 रन बनाने के साथ तीन मैचों में चार विकेट भी लिए। आयरलैंड की ऑर्ला प्रेंडरगास्ट ने 181 रन बनाकर नंबर-5 की जगह हासिल की।

श्रीलंका की निलाक्षी सिल्वा ने भले सबसे ज्यादा रन नहीं बनाए, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 54 रन की मैच जिताऊ पारी समेत पांच पारियों में 148 रन बनाकर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। दक्षिण अफ्रीका की मैरिज़ान कैप ने आठ विकेट लेने के अलावा भारत के खिलाफ नाबाद 81 रन की शानदार पारी खेली। वहीं ऑस्ट्रेलिया की एश गार्डनर ने 150 रन 170.45 की स्ट्राइक रेट से बनाए और टीम में ऑलराउंडर के रूप में जगह बनाई।

गेंदबाजी में भारत की श्री चरणी का जलवा

पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने पांच मैचों में 11 विकेट लेकर टीम में जगह बनाई। ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिन्यूक्स ने भी 11 विकेट लेकर अपनी कप्तानी और गेंदबाजी से प्रभावित किया। भारतीय टीम भले ही ग्रुप चरण से बाहर हो गई, लेकिन बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 14 विकेट झटके। उन्होंने पांच मैचों में सिर्फ 8.36 की औसत से विकेट लिए और एक बार चार विकेट भी हासिल किए। इसी प्रदर्शन के दम पर वह टीम में जगह बनाने वाली भारत की इकलौती खिलाड़ी रहीं।

स्कॉटलैंड की कार्टर बनीं 12वीं खिलाड़ी

स्कॉटलैंड की सलामी बल्लेबाज डार्सी कार्टर को 12वें खिलाड़ी के रूप में चुना गया। उन्होंने पांच पारियों में 208 रन बनाए, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 72 रन की शानदार पारी भी शामिल रही।

ICC विमेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 टीम ऑफ द टूर्नामेंट

डैनी वायट-हॉज, बेथ मूनी (विकेटकीपर), नैट साइवर-ब्रंट, एलिस पेरी, ऑर्ला प्रेंडरगास्ट, निलाक्षी सिल्वा, मैरिज़ान कैप, एश गार्डनर, फातिमा सना, सोफी मोलिन्यूक्स (कप्तान), श्री चरणी। 12वीं खिलाड़ी: डार्सी कार्टर।

NO Such Result Found