नई दिल्ली : दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने स्पष्ट किया कि खिताब के बिना व्यक्तिगत उपलब्धियों का कोई महत्व नहीं है और कहा कि उनकी दिली इच्छा महेंद्र सिंह धोनी के पांच IPL खिताब की बराबरी करना है। IPL में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में हाल में धोनी से आगे निकलने वाले राहुल ने इस उपलब्धि को कम करके आंका और टीम को प्राथमिकता देने वाले अपने दृष्टिकोण को दोहराया।
राहुल ने जिओस्टार से कहा, 'मुझे तो पता भी नहीं चला कि मैं माही भाई से आगे निकल गया हूं। व्यक्तिगत उपलब्धियां अच्छी होती हैं। इनसे भरोसा होता है कि मैं सही दिशा में आगे बढ़ रहा हूं। लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी धोनी जितनी ट्रॉफियां जीतने से होगी। क्रिकेट एक टीम खेल है। आप ट्रॉफी जीतना चाहते हैं। आप सफल टीमों का हिस्सा बनना चाहते हैं। यही हमेशा से मेरा लक्ष्य रहा है।'
इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपने शानदार रिकॉर्ड के बारे में भी बात की, जिसका श्रेय उन्होंने अपने घरेलू मैदान से भावनात्मक लगाव को दिया। उन्होंने कहा, 'मैंने इस बारे में सोचा है कि क्या मेरे पास आरसीबी के लिए कोई खास रणनीति है, लेकिन मुझे इसका जवाब नहीं मिला है। चिन्नास्वामी मेरे लिए बहुत खास है। मैं वहीं पला-बढ़ा हूं और जब भी मैं उस मैदान पर खेलता हूं तो कुछ अलग ही अहसास होता है।'
राहुल ने भारत की नई पीढ़ी के बल्लेबाजों के निडर रवैये की भी सराहना की और कहा कि कैसे युवा खिलाड़ी अपनी आक्रामक मानसिकता से टी20 बल्लेबाजी को फिर से परिभाषित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'वे किसी गेंदबाज की प्रतिष्ठा से नहीं डरते, फिर चाहे वह जसप्रीत बुमराह हों या पैट कमिंस। वे बस गेंद देखते हैं और उसे मैदान से बाहर मारना चाहते हैं। नए जमाने के क्रिकेटर जो कर रहे हैं वह अद्भुत है। वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है। 15 साल की उम्र में दो शतक लगाने के बारे में मैंने सपने में भी नहीं सोचा था।'