Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज अर्शद खान इस सीजन अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं, लेकिन उनका फोकस पूरी तरह तैयारी पर है। पिछले सीजन में 9 मैच खेलने वाले अर्शद इस बार बेंच पर हैं, फिर भी वह खुद को हर मैच के लिए तैयार रखते हैं। अर्शद ने कहा, 'भले ही मैं खेल नहीं रहा हूं, लेकिन मेरी तैयारी हमेशा मैच के लिए रहती है। मैं अपनी गेंदबाजी योजनाओं और पिच को पढ़ने पर लगातार काम करता हूं।'

“इन खिलाड़ियों से आगे खुद को नहीं रख सकता”

अर्शद खान ने साफ तौर पर माना कि टीम में जगह बनाना आसान नहीं है, खासकर जब आपके आगे कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे बड़े नाम हों। उन्होंने कहा, 'आप खुद को रबाडा, सिराज या प्रसिद्ध जैसे इंटरनेशनल खिलाड़ियों से आगे नहीं रख सकते। अशोक शर्मा भी शानदार फॉर्म में हैं, ऐसे में फोकस सिर्फ अपनी तैयारी पर रखना पड़ता है।'

पिछले सीजन में मिला था मौका

IPL 2025 में अर्शद खान को 9 मैच खेलने का मौका मिला था, जहां उन्होंने 6 विकेट लिए थे। उस दौरान कगिसो रबाडा की अनुपस्थिति ने उन्हें टीम में जगह दिलाई थी। हालांकि, इस सीजन में मजबूत बॉलिंग लाइनअप के कारण उन्हें अब तक मौका नहीं मिल सका है।

बड़े खिलाड़ियों से सीखने पर फोकस

अर्शद इस समय टीम के अनुभवी गेंदबाजों से सीखने पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, 'आप बहुत कुछ सीखते हैं—कैसे वे मैच की तैयारी करते हैं, ट्रेनिंग करते हैं और रिकवरी करते हैं। यह अनुभव आगे बहुत काम आता है।'

“आज भी गेंदबाज जिताते हैं मैच”

अर्शद खान का मानना है कि टी20 में भले ही बड़े स्कोर आम हो गए हों, लेकिन मैच जीताने में गेंदबाजों की भूमिका आज भी अहम है। उन्होंने कहा, 'हर मैच 230-240 का नहीं होता। अगर पिच से थोड़ी मदद मिले और शुरुआती विकेट मिल जाएं, तो टीम को 150-160 पर रोका जा सकता है। आज भी वही टीम जीतती है जिसकी गेंदबाजी मजबूत होती है।'

कई बड़े खिलाड़ी कर रहे हैं इंतजार

गुजरात टाइटंस में सिर्फ अर्शद ही नहीं, बल्कि जेसन होल्डर, ल्यूक वुड, ईशांत शर्मा और गुरनूर ब्रार जैसे खिलाड़ी भी मौके का इंतजार कर रहे हैं, जो टीम की गहराई को दर्शाता है।