Sports

नयी दिल्ली : हॉकी इंडिया ने शनिवार को एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) द्वारा कोच, अंपायर और कर्मचारियों के लिए आयोजित ऑनलाइन इनडोर हॉकी फोरम में भाग लिया। एएचएफ की इस पहल का उद्देश्य कोचिंग, अंपायरिंग और प्रतियोगिता मेजबानी के विभिन्न पहलुओं पर तकनीकी विशेषज्ञता और ज्ञान प्रदान करना है। इसका लक्ष्य एशिया में इनडोर हॉकी के बारे में कोचों, अंपायरों और आयोजकों के बीच चर्चा शुरू करने का भी था।

इस चर्चा में इनडोर हॉकी के वैश्विक चलन के मुद्दे के अलावा फील्ड हॉकी और इनडोर हॉकी मैच के बीच बुनियादी अंतर के बारे में बातचीत हुई। भारत की ओर से इसमें राष्ट्रीय टीम के कोचिंग से जुड़े पांच सदस्य, हॉकी इंडिया के आठ मैच अधिकारियों के अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन का अनुभव रखने वाले हॉकी इंडिया के छह सदस्य शामिल थे। इसमें हॉकी इंडिया के हाई परफोर्मेंस निदेशक डेविड इयान जॉन ने भी भाग लिया।

एएचएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के विकास एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष दातो तैयब इकराम ने कहा, ‘‘अगर किसी देश के पास शीर्ष कोच, अंपायर और अनुभवी मैच आयोजक हैं, तो हॉकी का खेल तीव्र गति से बढ़ेगा।