Sports

गॉल : भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को मानव सुथार और देवदत्त पड़क्किल के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह जीत हमारे लिए बेहद संतोषजनक है। श्रीलंका पर मिली 165 रनों की जीत के बाद शुभमन गिल ने कहा, 'मानव सुथार ने शानदार बॉलिंग की है, चाहे वो भारत में खेला गया पहला मैच हो (अफगानिस्तान के खिलाफ) या फिर यह मैच। वह बहुत होनहार खिलाड़ी लगते हैं और ऐसे खिलाड़ी हैं जो लंबे समय तक भारत के लिए खेल सकते हैं। 

उन्होंने कहा कि देवदत्त पडिक्कल को खेलते देखना शानदार था। शतक बनाना जरूरी है, लेकिन शतक बनाने के बाद भी उन्होंने जिस तरह से अपनी पारी जारी रखी और हमारे लिए बड़ा स्कोर खड़ा किया, वही एक कॉम्पिटिटिव मैच और आरामदायक स्थिति के बीच का फर्क है। दूसरी पारी में भी उन्होंने जिस तरह की बल्लेबाजी की और स्पिनरों पर हावी रहे, उसे देखना बहुत अच्छा लगा।' 

उन्होंने कहा, 'यह जीत हमारे लिए बेहद संतोषजनक है। हम मजबूत स्थिति में थे, लेकिन मौसम को देखते हुए यह पक्का नहीं था कि मैच पूरा हो पाएगा या नहीं। ऐसे में टीम ने शानदार प्रतिक्रिया दी। हमारा लक्ष्य तीसरी पारी में लगभग 400 रन तक पहुंचने का था। इस विकेट पर खुलकर रन बनाना आसान नहीं था, इसलिए हम थोड़ा आक्रामक खेलना चाहते थे। हमें यह भी नहीं पता था कि चौथे और पांचवें दिन कितने ओवर फेंकने का मौका मिलेगा। इसी कोशिश में हमने कुछ विकेट गंवाए, लेकिन तब भी हम काफी मजबूत स्थिति में थे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य WTC फाइनल है। टेस्ट मैचों में जीत हासिल करना आसान नहीं होता और यह जीत हमारे लिए बेहद खास है।' 

प्लेयर ऑफ द मैच देवदत्त पडिक्कल ने कहा , 'धर्मशाला से इस सफर की शुरुआत हुई थी, फिर पर्थ और अब गॉल। इस मैच में इससे ज्यादा मैं क्या मांग सकता था। यह एक बेहतरीन टेस्ट विकेट था। तीसरे दिन के बाद से इसमें ज्यादा टर्न दिख रही थी। आखिर में बात इस पर आकर टिकी कि कौन अपनी कौशल क्षमता का बेहतर इस्तेमाल करता है। विकेट थोड़ी धीमी थी और उसमें ज्यादा उछाल या मूवमेंट नहीं था। इसलिए बाएं हाथ के बल्लेबाज बाएं हाथ के स्पिनरों को बेहतर तरीके से खेल सके।'