स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए चिंताजनक खबर सामने आई है। टीम के सबसे महंगे खिलाड़ी Cameron Green का एक इंटरव्यू विवादों में आ गया है, जहां वह खराब फॉर्म पर सवाल पूछे जाने पर नाराज हो गए और बातचीत बीच में ही खत्म कर दी। 25.20 करोड़ रुपये में खरीदे गए इस ऑलराउंडर से KKR को बड़ी उम्मीदें हैं, लेकिन मौजूदा हालात ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है।
IPL इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी
कैमरन ग्रीन को IPL 2026 ऑक्शन में KKR ने 25.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। यह रकम उन्हें IPL इतिहास का सबसे महंगा विदेशी खिलाड़ी बनाती है। टीम ने इस सीजन से पहले अपनी स्क्वॉड में बड़े बदलाव किए हैं और ग्रीन को टीम का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
खराब फॉर्म बना चिंता का कारण
हाल के मैचों में ग्रीन का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। IPL शुरू होने में अब दो हफ्ते से भी कम समय बचा है, ऐसे में उनकी फॉर्म KKR के लिए बड़ा सवाल बन गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी मानसिक स्थिति को लेकर भी चर्चा हो रही है।
इंटरव्यू के दौरान हुआ विवाद
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना सिडनी में एक घरेलू मैच के बाद हुई। Tom Decent ने ग्रीन से इंटरव्यू के दौरान उनके हालिया प्रदर्शन को लेकर सवाल किया। शुरुआत में ग्रीन ने तिहरे शतक पर सामान्य प्रतिक्रिया दी, लेकिन जैसे ही उनसे खराब फॉर्म पर सवाल पूछा गया, उन्होंने जवाब देने से इनकार कर दिया।
“मैं इस सवाल का जवाब नहीं दूँगा”
ग्रीन ने साफ शब्दों में कहा कि वह इस सवाल का जवाब नहीं देना चाहते और अगला सवाल पूछा जाए। इस प्रतिक्रिया के बाद इंटरव्यू वहीं खत्म हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, जाते समय ग्रीन ने इसे “समय की बर्बादी” भी कहा।
कोच ने मांगी माफी
इस घटना के बाद वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया टीम के सहायक कोच Beau Casson ने ग्रीन की ओर से माफी मांगी। उन्होंने इस व्यवहार को परिस्थितियों का परिणाम बताया और मामले को शांत करने की कोशिश की।