Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के पूर्व क्रिकेटर और छह बार IPL खिताब जीत चुके अंबाती रायुडू ने राजस्थान रॉयल्स के स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल को लेकर बड़ा बयान दिया है। रायुडू का मानना है कि 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की लगातार धमाकेदार पारियों के कारण जायसवाल की चमक दबती जा रही है। ऐसे में उन्होंने सलाह दी कि यशस्वी को किसी दूसरी फ्रेंचाइजी के लिए खेलने पर विचार करना चाहिए।

रायुडू ने कहा कि जायसवाल अपने दम पर मैच जिताने की क्षमता रखते हैं, लेकिन राजस्थान रॉयल्स में वैभव सूर्यवंशी के साथ बल्लेबाजी करते हुए वह लगातार पीछे छूटते नजर आ रहे हैं।

‘यशस्वी को टीम बदलनी चाहिए’

अंबाती रायुडू ने ESPN क्रिकइन्फो से बातचीत में कहा कि यशस्वी जायसवाल को ऐसी टीम में जाना चाहिए जहां वह खुद को बेहतर तरीके से स्थापित कर सकें। रायुडू ने कहा, 'उसे टीम बदलनी चाहिए, क्योंकि वह हर बार वैभव सूर्यवंशी के साथ बल्लेबाजी करते हुए दब नहीं सकता। वह खुद भी बड़ा स्टार है। अगर वह किसी दूसरी टीम में जाता है तो अपने दम पर मैच जिता सकता है।'

उन्होंने आगे कहा, 'उसे एक ऐसा मंच और स्पेस चाहिए जहां वह खुलकर खेल सके। वैभव लगातार बाकी खिलाड़ियों पर भारी पड़ता रहेगा। उसके साथ एक सीनियर पार्टनर होना चाहिए जो इस स्थिति को समझ सके और मुकाबला करने की कोशिश न करे। आप उसके साथ प्रतिस्पर्धा नहीं कर सकते।'

मुंबई इंडियंस को बताया सबसे बेहतर विकल्प

चर्चा के दौरान मुंबई इंडियंस का नाम भी सामने आया, जहां यशस्वी जायसवाल ओपनिंग कर सकते हैं। रायुडू ने माना कि मुंबई इंडियंस उनके लिए एक शानदार फ्रेंचाइजी साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा, 'मुंबई इंडियंस यशस्वी के लिए शानदार टीम हो सकती है। वह मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट भी खेलते हैं, इसलिए यह उनके लिए बेहतर फिट रहेगा।'

एलिमिनेटर मुकाबले में धीमी रही जायसवाल की पारी

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ IPL 2026 एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली। दूसरी ओर यशस्वी जायसवाल अपेक्षाकृत धीमे नजर आए।

पावरप्ले में जायसवाल ने 16 गेंदों में सिर्फ 19 रन बनाए, जबकि वैभव ने उसी दौरान 20 गेंदों में 60 रन ठोक दिए। वैभव के आउट होने के बाद जायसवाल 20 गेंदों में 25 रन बनाकर खेल रहे थे, लेकिन बाद में शिवांग कुमार की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अभिषेक शर्मा के हाथों कैच आउट हो गए। उन्होंने 29 गेंदों में 29 रन बनाए।

IPL 2026 में कैसा रहा जायसवाल का प्रदर्शन

IPL 2026 में यशस्वी जायसवाल राजस्थान रॉयल्स के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 15 पारियों में 426 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 32.76 और स्ट्राइक रेट 153.23 का रहा है। सीजन में उन्होंने तीन अर्धशतक भी लगाए हैं। उनकी सबसे बेहतरीन पारी मुंबई इंडियंस के खिलाफ आई थी, जहां उन्होंने बारिश से प्रभावित मुकाबले में 32 गेंदों पर नाबाद 77 रन बनाए थे।

क्या मेगा ऑक्शन से पहले RR करेगी रिटेन?

राजस्थान रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल को 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया था, जो कप्तान रियान पराग से भी 4 करोड़ ज्यादा थे। हालांकि मौजूदा स्थिति को देखते हुए IPL 2028 मेगा ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजी के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करना आसान नहीं होगा।

ऐसी संभावना जताई जा रही है कि राजस्थान रॉयल्स रियान पराग, ध्रुव जुरेल, वैभव सूर्यवंशी, जोफ्रा आर्चर और डोनोवन फरेरा जैसे खिलाड़ियों को प्राथमिकता दे सकती है। ऐसे में यशस्वी जायसवाल मेगा ऑक्शन में उतर सकते हैं, जहां मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमें उन पर बड़ा दांव लगा सकती हैं।

NO Such Result Found