Sports

ऑकलैंड: भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला नेशंस कप में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए उरुग्वे को 3-2 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने पूल ए में शीर्ष स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

भारत की जीत की सबसे बड़ी हीरो दीपिका रहीं, जिन्होंने दो अहम गोल दागे। वहीं दीपिका सोरेंग ने भी एक शानदार मैदानी गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले भारतीय टीम अमेरिका और जापान को भी मात दे चुकी है।

उरुग्वे ने बनाई शुरुआती बढ़त

मैच के 13वें मिनट में उरुग्वे की चियारा एपेनिनो ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि भारतीय टीम ने जल्द ही वापसी करते हुए 24वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका के गोल की बदौलत स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने पलटा मैच

तीसरे क्वार्टर के 43वें मिनट में दीपिका सोरेंग ने शानदार फील्ड गोल दागकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद मुकाबला रोमांचक हो गया।

दीपिका ने दिलाई यादगार जीत

मैच के 55वें मिनट में उरुग्वे की कप्तान मैनुएला विलार ने गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। लेकिन अगले ही मिनट दीपिका ने अपना दूसरा गोल दागते हुए भारत को 3-2 की निर्णायक बढ़त दिलाई, जो अंत तक कायम रही।

नेहा के लिए भी खास रहा मुकाबला

यह मुकाबला भारतीय खिलाड़ी नेहा के लिए भी बेहद यादगार रहा। उन्होंने इस मैच के साथ भारत के लिए अपने करियर का 200वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला। अब भारतीय टीम 20 जून को खेले जाने वाले सेमीफाइनल में चिली या दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी।