स्पोर्ट्स डेस्क: स्टार फुटबॉलर किलियन एमबाप्पे के शानदार दो गोल की बदौलत फ्रांस ने फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में स्वीडन को 3-0 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया। अब फ्रांस का सामना 4 जुलाई को फिलाडेल्फिया में पराग्वे से होगा, जिसने जर्मनी को बाहर का रास्ता दिखाया था।
एमबाप्पे ने फिर दिखाया अपना जलवा
फ्रांस ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा। 45वें मिनट में किलियन एमबाप्पे ने शानदार क्रॉसओवर मूव के बाद बेहतरीन फिनिश के जरिए टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 53वें मिनट में ब्रैडली बारकोला ने गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी।
74वें मिनट में एमबाप्पे ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल दागकर फ्रांस की जीत पर मुहर लगा दी। पिछले चार मैचों में यह तीसरा मौका है जब एमबाप्पे ने एक ही मुकाबले में दो गोल किए हैं।
मेस्सी की बराबरी, नया रिकॉर्ड भी बनाया
इस टूर्नामेंट में एमबाप्पे के अब छह गोल हो चुके हैं और उन्होंने अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी के मौजूदा विश्व कप गोलों की बराबरी कर ली है। उनके विश्व कप करियर में अब कुल 18 गोल हो गए हैं, जो मेस्सी के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कम हैं।
इसके अलावा एमबाप्पे विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में 10 गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ब्राजील के महान फुटबॉलर लियोनिडास और रोनाल्डो के आठ-आठ गोल के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
डेसचैम्प्स को गले लगाकर मनाया जश्न
पहले गोल के बाद एमबाप्पे सीधे फ्रांस के मुख्य कोच डिडिएर डेसचैम्प्स के पास पहुंचे और उन्हें गले लगाया। डेसचैम्प्स हाल ही में अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद टीम से दोबारा जुड़े थे। मैच के 85वें मिनट में जब एमबाप्पे को आराम देने के लिए बाहर बुलाया गया तो डेसचैम्प्स ने झुककर उनका अभिवादन किया।
पूरे मैच में फ्रांस का रहा दबदबा
फ्रांस ने पूरे मुकाबले में स्वीडन को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। फ्रांस ने मैच में 25 बार गोल करने के प्रयास किए, जबकि स्वीडन सिर्फ सात मौके ही बना सका। पहले हाफ में भी फ्रांस 15-3 से आगे था।
32वें मिनट में एमबाप्पे का शॉट पोस्ट से टकराया, जबकि 36वें मिनट में माइकल ओलिस की शानदार बाइसाइकिल किक भी पोस्ट से टकराकर लौट गई। हालांकि फ्रांस ने लगातार दबाव बनाए रखा और अंततः तीन गोल से जीत दर्ज की।
ओलिस ने निभाई अहम भूमिका
फ्रांस के लिए माइकल ओलिस ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले और तीसरे गोल की नींव रखी, जबकि दूसरे गोल में भी उनकी अहम भूमिका रही। मौजूदा टूर्नामेंट में ओलिस अब तक पांच गोल में योगदान दे चुके हैं।
50 लाख दर्शकों का रिकॉर्ड पार
ईस्ट रदरफोर्ड में खेले गए इस मुकाबले को 80,663 दर्शकों ने स्टेडियम में बैठकर देखा। इसके साथ ही फीफा विश्व कप 2026 में कुल दर्शकों की संख्या 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई।