Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी ने महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में इतिहास रच दिया। साउथैम्प्टन में नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान वह ICC T20 वर्ल्ड कप इतिहास में 50 मैच खेलने वाली पहली क्रिकेटर बन गईं। पुरुष और महिला क्रिकेट को मिलाकर अब तक कोई भी खिलाड़ी इस उपलब्धि तक नहीं पहुंच पाया था।

2009 से हर T20 वर्ल्ड कप का रही हैं हिस्सा

35 वर्षीय एलिस पेरी साल 2009 में शुरू हुए पहले महिला T20 वर्ल्ड कप से लेकर अब तक हर संस्करण में ऑस्ट्रेलिया का हिस्सा रही हैं। उन्होंने पिछले डेढ़ दशक में ऑस्ट्रेलिया को कई बार विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई है। इस दौरान उन्होंने 50 मैचों में 559 रन बनाए हैं और 42 विकेट भी अपने नाम किए हैं।

रिकॉर्ड पर क्या बोलीं पेरी?

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर एलिस पेरी ने कहा कि हर वर्ल्ड कप उनके लिए खास रहा है। उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम का हिस्सा बनना हमेशा गर्व की बात होती है। हर T20 वर्ल्ड कप का अनुभव अलग रहा है और मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैं 50 मैच खेल चुकी हूं।"

रोहित शर्मा और विराट कोहली रह गए पीछे

एलिस पेरी के इस रिकॉर्ड के करीब भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली भी नहीं पहुंच सके। 2024 T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। रोहित शर्मा ने अपने करियर में 47 T20 वर्ल्ड कप मैच खेले, जबकि विराट कोहली के नाम 35 मुकाबले दर्ज हैं।

T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा मैच

एलिस पेरी (ऑस्ट्रेलिया) – 50*
रोहित शर्मा (भारत) – 47
सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) – 43
जोस बटलर (इंग्लैंड) – 43
शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) – 43
एलिसा हीली (ऑस्ट्रेलिया) – 42
हरमनप्रीत कौर (भारत) – 41

पेरी के नाम एक और अनोखा रिकॉर्ड

एलिस पेरी को क्रिकेट इतिहास की महानतम ऑलराउंडरों में गिना जाता है। उन्होंने 17 साल की उम्र में 2008 में T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। वह अंतरराष्ट्रीय T20 क्रिकेट में 1000 रन और 100 विकेट का डबल पूरा करने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी भी हैं।