रोम: यूक्रेन की स्टार टेनिस खिलाड़ी Elina Svitolina ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार Italian Open का महिला सिंगल्स खिताब अपने नाम कर लिया। सातवीं वरीयता प्राप्त स्वितोलिना ने फाइनल में तीसरी सीड Coco Gauff को 6-4, 6-7 (3), 6-2 से हराया। लगभग 2 घंटे 49 मिनट तक चला यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा।
शुरुआती दबाव से शानदार वापसी
मैच के पहले सेट में कोको गॉफ ने मजबूत शुरुआत करते हुए 4-2 की बढ़त बना ली थी। लेकिन आठवें गेम में गॉफ की दो डबल फॉल्ट्स ने मुकाबले का रुख बदल दिया और स्वितोलिना ने वापसी करते हुए ब्रेक हासिल कर लिया। इसके बाद यूक्रेनी खिलाड़ी ने नौवें गेम में तीन ब्रेक प्वाइंट बचाए और 6-4 से पहला सेट अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में गॉफ की दमदार वापसी
दूसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। गॉफ ने 11वें गेम में अहम ब्रेक हासिल किया, लेकिन जब वह सेट के लिए सर्व कर रही थीं तब स्वितोलिना ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला टाईब्रेक तक पहुंचा दिया। टाईब्रेक में अमेरिकी खिलाड़ी ने शानदार खेल दिखाया और 7-3 से जीत दर्ज कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
निर्णायक सेट में स्वितोलिना का दबदबा
तीसरे और निर्णायक सेट में स्वितोलिना पूरी तरह हावी नजर आईं। उन्होंने पांचवें और सातवें गेम में ब्रेक हासिल कर मैच पर पकड़ मजबूत कर ली। चैंपियनशिप के लिए सर्व करते समय उन्होंने तीन ब्रेक प्वाइंट बचाए और बैकहैंड वॉली के साथ जीत पक्की कर ली।यह रोम में उनका तीसरा सिंगल्स खिताब और करियर का 20वां WTA सिंगल्स टाइटल रहा।
जीत के बाद क्या बोलीं स्वितोलिना?
मैच के बाद स्वितोलिना ने कहा कि यह मुकाबला बेहद कठिन था और पूरे टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने दबाव को शानदार तरीके से संभाला।
पुरुष वर्ग के फाइनल में सिनर बनाम रूड
पुरुष सिंगल्स वर्ग में दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी Jannik Sinner ने बारिश से प्रभावित सेमीफाइनल में Daniil Medvedev को 6-2, 5-7, 6-4 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब फाइनल में सिनर का सामना 23वीं वरीयता प्राप्त Casper Ruud से होगा।