Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 के अहम मुकाबले में पंजाब किंग्स सोमवार को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स का सामना करेगी। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पंजाब किंग्स की टीम लगातार तीन हार के बाद दबाव में है और अब वह घरेलू मैदान पर वापसी की कोशिश करेगी। धर्मशाला में टीम अपने घरेलू चरण के आखिरी तीन मुकाबले खेलेगी।

खराब फॉर्म से जूझ रही पंजाब

सीजन की शुरुआत में शानदार प्रदर्शन करने वाली पंजाब किंग्स कुछ समय पहले तक टूर्नामेंट की इकलौती अजेय टीम थी, लेकिन अब टीम की लय पूरी तरह बिगड़ती नजर आ रही है। हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में टीम की फील्डिंग बेहद खराब रही थी। खासकर कैच छोड़ने की वजह से टीम को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

इसके अलावा अर्शदीप सिंह की अगुआई वाला तेज गेंदबाजी आक्रमण भी लगातार रन लुटा रहा है। बल्लेबाजी में प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी अच्छी शुरुआत के बाद निरंतरता बनाए रखने में नाकाम रही है।

प्लेऑफ के लिए दो जीत जरूरी

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अब भी कम से कम दो जीत की जरूरत है। ऐसे में टीम चाहेगी कि खिलाड़ी वही आक्रामक क्रिकेट खेलें, जिसने उन्हें सीजन के शुरुआती चरण में सफलता दिलाई थी। टी20 क्रिकेट में लय बेहद अहम होती है और पंजाब की कोशिश जल्द से जल्द जीत की राह पर लौटने की होगी।

दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदें लगभग खत्म

दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन इस सीजन निराशाजनक रहा है। टीम अपने पिछले छह मुकाबलों में से पांच हार चुकी है और अंक तालिका में निचले हिस्से में मौजूद है। हालांकि आंकड़ों के लिहाज से दिल्ली अब भी प्लेऑफ की दौड़ से बाहर नहीं हुई है, लेकिन उसके आगे बढ़ने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।

टीम के बल्लेबाज धीमी और टर्न लेने वाली पिचों पर संघर्ष करते नजर आए हैं। वहीं स्टार स्पिनर कुलदीप यादव भी इस सीजन अब तक अपनी छाप छोड़ने में सफल नहीं रहे हैं।

दोनों टीमों की फील्डिंग बनी चिंता

दिल्ली कैपिटल्स की तरह पंजाब किंग्स भी खराब फील्डिंग से परेशान है। दोनों टीमों ने इस सीजन कई आसान मौके गंवाए हैं, जिसका असर सीधे मैच के नतीजों पर पड़ा है। ऐसे में धर्मशाला में होने वाले मुकाबले में छोटी-छोटी गलतियां मैच का रुख तय कर सकती हैं।

पंजाब किंग्स संभावित टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह, मिचेल ओवेन, विष्णु विनोद, निहाल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसेन, मुशीर खान, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्युसन, हरप्रीत बरार, विजयकुमार वैशाक, यश ठाकुर, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, प्रवीण दुबे, पायला अविनाश और विशाल निषाद।

दिल्ली कैपिटल्स संभावित टीम

अभिषेक पोरेल, लोकेश राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंता चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, त्रिपुराना विजय, डेविड मिलर, आकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, पृथ्वी शॉ, काइल जेमिसन, अजय जाधव मंडल, माधव तिवारी, साहिल पारख, करुण नायर और टी नटराजन।