स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में अपनी साथी खिलाड़ी और पूर्व तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। दीप्ति ने यह उपलब्धि लीड्स में नीदरलैंड के खिलाफ भारत के दूसरे ग्रुप ए महिला टी20 वर्ल्ड कप मैच के दौरान हासिल की, जहां उन्होंने तीन ओवर में 1/26 का आंकड़ा दर्ज किया।
अब झूलन और दीप्ति दोनों ही इंटरनेशनल लेवल पर 355 विकेट के साथ बराबरी पर हैं। उनके बाद इंग्लैंड की कैथरीन साइवर-ब्रंट (335), ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज खिलाड़ी एलिस पेरी (332), इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन (327) और दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज़ शबनीम इस्माइल (318) का नंबर आता है।
124 मैचों में 166 विकेट के साथ दीप्ति झूलन (255) के बाद भारत की ओर से दूसरी सबसे ज़्यादा ODI विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। T20I में दीप्ति 146 मैचों में 167 विकेट के साथ दुनिया भर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। उन्होंने भारत के लिए 6 टेस्ट मैचों में भी 22 विकेट लिए हैं।
मैच की बात करें तो नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। स्मृति (47 गेंदों में 74 रन, 11 चौके और एक छक्के के साथ) और शेफाली (38 गेंदों में 55 रन, 10 चौकों के साथ) ने भारत को 209/5 के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई जो टी20 वर्ल्ड कप में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इसके बाद श्री चरानी (4/19), शेफाली (3/20) और नंदनी (2/22) ने डच टीम पर कहर बरपाया और उन्हें 96/4 से 114 रन पर ऑल-आउट कर दिया। भारत चार अंकों के साथ ग्रुप ए में सबसे ऊपर है।