Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में सीएटल ऑर्कास के कप्तान दासुन शनाका ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। नाइट राइडर्स क्रिकेट स्टेडियम, पोमोना में खेले गए मुकाबले में शनाका ने अंतिम ओवर में डबल हैट्रिक लेकर सीएटल ऑर्कास को टेक्सास सुपर किंग्स पर 9 रन की रोमांचक जीत दिलाई।

मैच का परिणाम

सीएटल ऑर्कास – 121/9 (20 ओवर)
टेक्सास सुपर किंग्स – 112/9 (20 ओवर)

सीएटल ऑर्कास ने 9 रन से मुकाबला जीता।

मुश्किल पिच पर ऑर्कास ने बनाए 121 रन

पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएटल ऑर्कास की शुरुआत बेहद खराब रही। एडम मिल्ने ने टिम सीफर्ट और शायन जहांगीर को जल्दी पवेलियन भेज दिया। 10वें ओवर तक ऑर्कास की आधी टीम सिर्फ 48 रन पर आउट हो चुकी थी। हालांकि निचले क्रम के बल्लेबाजों ने उपयोगी योगदान देकर टीम को 20 ओवर में 121/9 तक पहुंचाया। गेंदबाजी में एडम मिल्ने सबसे किफायती रहे। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर शानदार गेंदबाजी की, जबकि अम्शी डी सिल्वा ने तीन विकेट झटके।

बार्टमैन और शनाका ने पलटा मैच

122 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टेक्सास सुपर किंग्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। कप्तान फाफ डु प्लेसिस जल्दी आउट हो गए। शुभम रंजन ने एक छोर संभाले रखा, जबकि डोनोवन फरेरा ने 16 गेंदों में 22 रन बनाकर मैच में रोमांच पैदा किया। लेकिन लगातार डॉट गेंदें खेलना सुपर किंग्स पर भारी पड़ा। दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज ओटनील बार्टमैन ने चार ओवर में सिर्फ 9 रन दिए, एक मेडन फेंका और तीन विकेट लेकर ऑर्कास की वापसी कराई।

आखिरी ओवर में शनाका की डबल हैट्रिक

अंतिम ओवर में टेक्सास सुपर किंग्स को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। पहली गेंद पर शुभम रंजन ने चौका लगाया और दूसरी गेंद पर एक रन लिया। इसके बाद सुपर किंग्स को चार गेंदों में 10 रन चाहिए थे। तीसरी गेंद पर दासुन शनाका ने डोनोवन फरेरा को आउट किया। इसके बाद लगातार तीन गेंदों पर कैल्विन सैवेज, एडम मिल्ने और डी सिल्वा को पवेलियन भेजकर उन्होंने लगातार चार विकेट हासिल किए और डबल हैट्रिक पूरी कर दी। शनाका ने आखिरी ओवर में केवल 5 रन दिए और चार विकेट चटकाए।

MLC इतिहास में पहली डबल हैट्रिक

दासुन शनाका मेजर लीग क्रिकेट के इतिहास में डबल हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए। इससे पहले MLC में केवल अकेल होसेन ने हैट्रिक लेने का कारनामा किया था, लेकिन डबल हैट्रिक का रिकॉर्ड अब शनाका के नाम दर्ज हो गया है। यह उनके पेशेवर क्रिकेट करियर की पहली हैट्रिक भी रही, जिसके लिए उन्हें मैच का MVP (मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर) चुना गया।

अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची ऑर्कास

इस जीत के साथ सीएटल ऑर्कास अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, टेक्सास सुपर किंग्स की यह आठ मैचों में पांचवीं हार रही और टीम तालिका में सबसे निचले स्थान पर बनी हुई है।