नई दिल्ली : भारत के पूर्व ओपनर वसीम जाफर (Wasim Jaffer) का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) द्वारा दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 23 रनों से हराने में इंग्लैंड के सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर जेमी ओवरटन (Jamie Overton) प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड के लिए शतक लगाने वाले संजू सैमसन (Sanju Samson) से ज्यादा हकदार थे। उन्होंने कहा कि ओवरटन की गेंदबाजी ही वह फर्क थी जिसने पांच बार की चैंपियन टीम को IPL 2026 की अपनी पहली जीत दिलाई।
सैमसन को 56 गेंदों पर नाबाद 115 रन बनाने के लिए यह अवॉर्ड दिया गया जबकि बल्लेबाजों के लिए मददगार पिच पर ओवरटन के 4/18 के गेंदबाजी आंकड़ों ने यह पक्का कर दिया कि दिल्ली 189 रनों पर ही ऑलआउट हो जाए। जाफर ने कहा, 'मेरी राय में यह अवॉर्ड ओवरटन को मिलना चाहिए था। अगर उन्होंने वैसी गेंदबाजी नहीं की होती तो CSK नहीं जीत पाती। क्योंकि उन्होंने बहुत अहम विकेट लिए। चार ओवर में सिर्फ 18 रन दिए जबकि टारगेट 210 रनों का था। मुझे लगता है कि यही वह फर्क था।'
उन्होंने कहा, 'हालांकि अगर संजू ने वैसी पारी नहीं खेली होती, तो (CSK) इतने ज्यादा रन (2 विकेट पर 212 रन) नहीं बना पाती। इसलिए यह फैसला करना बहुत मुश्किल था। लेकिन इतने बड़े मैच में जहां बल्लेबाजी आसान हो मुझे लगता है कि ओवरटन को ही (प्लेयर ऑफ द मैच) अवॉर्ड दिया जाना चाहिए था।'