स्पोर्ट्स डेस्क: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने IPL 2026 के बाकी मुकाबलों के लिए कर्नाटक के 24 वर्षीय ऑलराउंडर मैकनील हैडली नरोन्हा को टीम में शामिल किया है। वह चोटिल तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष की जगह लेंगे, जो अपने IPL डेब्यू मैच में पैर की चोट का शिकार हो गए थे। हालांकि, अभी इस साइनिंग पर BCCI की आधिकारिक मंजूरी मिलना बाकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंजूरी मिलने के बाद CSK इसकी औपचारिक घोषणा करेगी।
कौन हैं मैकनील हैडली नरोन्हा?
मैकनील नरोन्हा घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक के लिए खेलते हैं और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह टॉप ऑर्डर और मिडिल ऑर्डर दोनों में बल्लेबाजी कर सकते हैं, जबकि ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कर्नाटक के लिए तीन मुकाबले खेले, जिसमें 161.11 के स्ट्राइक रेट से 58 रन बनाए।
महाराजा ट्रॉफी में दिखाया दम
नरोन्हा ने महाराजा ट्रॉफी 2025 में शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा था। उन्होंने मंगलुरु ड्रैगन्स को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। 13 मैचों में उन्होंने 148.82 के स्ट्राइक रेट से 253 रन बनाए, जिसमें 19 छक्के शामिल थे। गेंदबाजी में भी उन्होंने 10 विकेट झटके और उनका इकॉनमी रेट 7.44 रहा।
रेड-बॉल क्रिकेट में भी कमाल
मैकनील सिर्फ टी20 ही नहीं, बल्कि लंबे फॉर्मेट में भी शानदार रिकॉर्ड रखते हैं। उन्होंने कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी 2024-25 में दो तिहरे शतक लगाए। उन्होंने त्रिपुरा और उत्तराखंड के खिलाफ ट्रिपल सेंचुरी जड़ी थी। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 14 पारियों में 1037 रन बनाए।
CSK की बढ़ती इंजरी समस्या
IPL 2026 में CSK लगातार चोटों से परेशान रही है। रामकृष्ण घोष टीम के तीसरे खिलाड़ी हैं जिन्हें चोट के कारण बाहर होना पड़ा। इससे पहले नाथन एलिस की जगह स्पेंसर जॉनसन और आयुष म्हात्रे की जगह आकाश मधवाल को टीम में शामिल किया गया था। वहीं खलील अहमद भी टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, जबकि MS धोनी अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं।
प्लेऑफ की रेस में बरकरार CSK
सीजन की खराब शुरुआत के बाद CSK ने शानदार वापसी की है और टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है। चेन्नई को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बाकी तीन मुकाबलों में कम से कम दो जीत दर्ज करनी होंगी। टीम का अगला मुकाबला 15 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होगा।