Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : रविवार को ट्राई-नेशन सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ए के खिलाफ जबरदस्त बैटिंग करके वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। इस युवा खिलाड़ी ने सिर्फ 11 गेंदों में हाफ़-सेंचुरी (लिस्ट A में सबसे तेज़) पूरी की और फिर 29 गेंदों में 94 रन बनाए जिसमें 8 छक्के और 10 चौके शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत इंडिया ए ने 379 रन बनाए और फाइनल 66 रनों से जीत लिया। हालांकि दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी डेरिल कलिनन को चिंता है कि इतने ज्यादा क्रिकेट खेलने से सूर्यवंशी के चोटिल होने का खतरा भी बढ़ जाता है। 

कलिनन ने कहा, 'मैं इस युवा खिलाड़ी से बहुत प्रभावित हूं, लेकिन जो बात मुझे परेशान कर रही है और जिस पर कोई बात नहीं कर रहा है, वह है चोटें। 15 साल की उम्र में भारी बैट से खेलना और इतना ज्यादा क्रिकेट खेलना, मुझे उसकी कलाइयों, कोहनियों और शरीर के छोटे जोड़ों और हिस्सों की चिंता होती है। मेडिकल राय क्या कहती है? याद रखें, सचिन का करियर लगभग कोहनी की चोट की वजह से खत्म हो गया था। वह निश्चित रूप से सूर्यवंशी की तरह इतनी जोर से और इतनी बार बैट नहीं घुमाते थे।' 

सूर्यवंशी अभी सिर्फ 15 साल के हैं और कलिनन को लगता है कि उनके जोड़ों, लिगामेंट्स और मांसपेशियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा होगा। कलिनन ने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि वह काफी सख्त रूटीन फॉलो कर रहे होंगे। असल बात यह है कि वह अभी बढ़ रहे हैं और मुझे लगता है कि उनके जोड़, लिगामेंट्स और मांसपेशियां भी बढ़ रही हैं। उन पर दबाव पड़ रहा होगा, मैं आपको यकीन दिला सकता हूं।' 

दक्षिण अफ्रीका के लिए 70 टेस्ट और 138 वनडे खेलने वाले कलिनन ने कहा, 'मैं ऐसे कई खिलाड़ियों को जानता हूं जिन्हें कलाई की पुरानी समस्या हो गई थी। बात यह है कि हम हल्के बल्ले इस्तेमाल करते थे और बहुत कम क्रिकेट खेलते थे। वह अभी बढ़ रहा है, यह बात याद रखनी चाहिए। आज की ट्रेनिंग और रिकवरी के तरीके मदद करेंगे, लेकिन मुझे उसके लंबे समय के भविष्य और सेहत की चिंता है।' 

NO Such Result Found