Sports

समरकंद (उज़्बेकिस्तान), (निकलेश जैन): 46वें फीडे शतरंज ओलंपियाड में टीम पदकों के अलावा भारतीय खिलाड़ियों ने बोर्ड-वार व्यक्तिगत पुरस्कारों में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए, जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। पुरुष वर्ग में दो और महिला वर्ग में चार भारतीय खिलाड़ियों ने अपने-अपने बोर्ड पर शीर्ष तीन प्रदर्शन करने वालों में जगह बनाई।

PunjabKesari

पुरुष वर्ग में गुकेश डी ने सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया। चौथे बोर्ड पर उन्होंने सभी 11 राउंड खेलते हुए 2718 की परफॉर्मेंस रेटिंग के साथ रजत पदक जीता। स्वर्ण पदक यूक्रेन के इहोर समुनेनकोव (2720 परफॉर्मेंस) के खाते में गया, जबकि अमेरिका के लेवोन आरोनियन (2699) को कांस्य से संतोष करना पड़ा। पहले बोर्ड पर आर प्रज्ञानानंद ने 2772 की परफॉर्मेंस रेटिंग के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इस बोर्ड पर उज़्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने 2869 की शानदार परफॉर्मेंस के साथ स्वर्ण और तुर्किये के यागिज़ कान एर्दोमुश ने 2839 की परफॉर्मेंस के साथ रजत पदक जीता।

PunjabKesari

महिला वर्ग में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन और भी दमदार रहा, जहां चार में से चार खिलाड़ियों ने पदक जीते। सबसे बड़ी उपलब्धि सविता श्री बी के नाम रही, जिन्होंने आरक्षित बोर्ड (बोर्ड पांच) पर 10 अंकों और 2569 की उम्दा परफॉर्मेंस रेटिंग के साथ स्वर्ण पदक जीता। इस बोर्ड पर वियतनाम की न्गुयेन थी मई हुंग (2395) को रजत और स्लोवेनिया की वेस्ना मिहेलिच (2311) को कांस्य मिला।

PunjabKesari

तीसरे बोर्ड पर दिव्या देशमुख ने 2464 की परफॉर्मेंस के साथ रजत पदक हासिल किया, जहां चीन की लू मियाओयी (2576) ने स्वर्ण और जॉर्जिया की बेला खोतेनाश्विली (2408) ने कांस्य पदक जीता। पहले बोर्ड पर हम्पी कोनेरू ने 2543 की परफॉर्मेंस के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया, जबकि चीन की झू जिनर (2638) स्वर्ण और अमेरिका की कैरिसा यिप (2601) रजत विजेता रहीं। चौथे बोर्ड पर वंतिका अग्रवाल ने भी 2437 की परफॉर्मेंस के साथ कांस्य पदक जीता, जहां कज़ाख़स्तान की एल्नाज़ कालियाख़मेत (2486) ने स्वर्ण और क्यूबा की इनेयमिग हर्नांदेज़ गिल (2443) ने रजत पदक हासिल किया।

PunjabKesari

इस तरह समरकंद ओलंपियाड में भारत को टीम स्पर्धा में पुरुष वर्ग का रजत और महिला वर्ग का कांस्य पदक मिलने के साथ-साथ व्यक्तिगत बोर्ड पुरस्कारों में भी छह पदक मिले, जो भारतीय शतरंज के लिए बेहद संतोषजनक और गौरवपूर्ण प्रदर्शन रहा।