Sports

समरकंद, उज्बेकिस्तान ( निकलेश जैन ) 16 से 27 सितंबर तक उज्बेकिस्तान के समरकंद में होने वाले 46वें फ़ीडे शतरंज ओलंपियाड के लिए टीमों की घोषणा हो गई है। ओपन वर्ग में अमेरिका 2751 की औसत रेटिंग के साथ शीर्ष वरीयता पर है, जबकि मौजूदा चैंपियन भारत 2733 की औसत रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर है। मेजबान उज्बेकिस्तान 2720 के साथ तीसरे और चीन 2706 की औसत रेटिंग के साथ चौथे स्थान पर है।

भारत पिछली बार बुडापेस्ट में हासिल किए गए ओपन और महिला दोनों वर्गों के स्वर्ण पदकों को बरकरार रखने के इरादे से उतरेगा। भारतीय पुरुष टीम में दुनिया के कई शीर्ष खिलाड़ियों की मौजूदगी इसे खिताब का सबसे बड़ा दावेदार बनाती है।

भारत की पुरुष टीम बेहद मजबूत

भारत की पांच सदस्यीय टीम की औसत रेटिंग 2733 है।भारत की टीम: अर्जुन एरिगैसी 2759, प्रज्ञानन्दा 2750, निहाल सरीन 2718, गुकेश डी 2703 और विदित गुजराती 2697।2024 में ऐतिहासिक स्वर्ण जीतने वाली भारतीय टीम इस बार भी खिताब बचाने की मजबूत दावेदार है। अर्जुन और प्रज्ञानन्दा की मौजूदा शानदार फॉर्म के साथ गुकेश का विश्व चैंपियन के रूप में अनुभव भारत की ताकत को और बढ़ाता है।

अमेरिका शीर्ष वरीयता पर

अमेरिका 2751 की औसत रेटिंग के साथ ओपन वर्ग में सबसे आगे है। हालांकि टीम में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी हिकारू नाकामुरा नहीं हैं, लेकिन फैबियानो कारुआना, वेस्ली सो, हंस नीमन, लेवोन अरोनियन और अवोंडर लियांग की मौजूदगी उसे बेहद मजबूत बनाती है।अमेरिका की टीम में कारुआना 2792, वेस्ली सो 2765, हंस नीमन 2725, अरोनियन 2721 और लियांग 2690 की रेटिंग के साथ शामिल हैं।

मेजबान उज्बेकिस्तान भी बड़ा दावेदार

उज्बेकिस्तान 2720 की औसत रेटिंग के साथ तीसरी वरीयता पर है। टीम की अगुआई विश्व चैंपियनशिप चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव करेंगे। उनके साथ नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव, नोदिरबेक याकूबोएव, शम्सिद्दीन वोखिदोव और मुखिद्दीन मामादिनोव टीम में हैं।सिंदारोव की 2777 और अब्दुसत्तोरोव की 2762 रेटिंग उन्हें भारत और अमेरिका के लिए बड़ी चुनौती बनाती है।

चीन की टीम में भी कई बड़े नाम

चीन 2706 की औसत रेटिंग के साथ चौथी वरीयता पर है। टीम में वेई यी 2752, डिंग लिरेन 2733, यू यांगयी 2710, शू शियांग्यू 2629 और कोंग शियांग्रुई 2549 शामिल हैं।

महिला वर्ग में भारत नंबर-1

महिला वर्ग में भी भारत 2476 की औसत रेटिंग के साथ शीर्ष वरीयता पर है। भारतीय टीम पिछली बार बुडापेस्ट में जीते स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरेगी। टीम में अनुभवी कोनेरू हम्पी, मौजूदा महिला विश्व कप चैंपियन दिव्या देशमुख, वैशाली रमेशबाबू, वंतिका अग्रवाल और सविता श्री शामिल हैं।

भारत की महिला टीम में कोनेरू हम्पी 2524, दिव्या देशमुख 2490, वैशाली रमेशबाबू 2489, वंतिका अग्रवाल 2399 और सविता श्री 2375 की रेटिंग के साथ शामिल हैं। भारत को महिला वर्ग में जॉर्जिया, चीन और कजाकिस्तान से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। जॉर्जिया 2449 की औसत रेटिंग के साथ दूसरे, चीन 2432 के साथ तीसरे और कजाकिस्तान 2421 के साथ चौथे स्थान पर है। चीन की झू जिनर 2550 और कजाकिस्तान की बिबिसारा असौबायेवा 2538 रेटिंग के साथ इस वर्ग की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं।

400 टीमें लेंगी हिस्सा

समरकंद ओलंपियाड में ओपन वर्ग में 208 टीमें, जबकि महिला वर्ग में 192 टीमें पंजीकृत हैं। इस तरह कुल 400 टीमें दुनिया के सबसे बड़े टीम शतरंज आयोजन में हिस्सा लेंगी।

भारत के लिए यह ओलंपियाड बेहद खास होगा। 2024 में ओपन और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब भारतीय टीमों के सामने लगातार दूसरी बार दोनों खिताब अपने नाम करने की चुनौती होगी।

NO Such Result Found