मुंबई : पुरुष चयन समिति ने श्रीलंका में होने वाली आगामी ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में अनुकूल रॉय को शामिल किया है। उन्होंने हर्ष दुबे की जगह ली है जिन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज के लिए भारत की टेस्ट और वनडे टीमों में पहली बार बुलाया गया है। इस ट्राई-सीरीज में श्रीलंका ए, इंडिया ए और अफगानिस्तान ए टीमें हिस्सा लेंगी और यह 9 जून से 21 जून, 2026 तक दाम्बुला में खेली जाएगी।
इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की पुरुष चयन समिति ने गुरुवार 14 मई को श्रीलंका में होने वाली आगामी एक दिवसीय ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया ए टीम की घोषणा की थी। भारतीय स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा टीम की कप्तानी करेंगे जबकि 15 वर्षीय सनसनी वैभव सूर्यवंशी, जिनका IPL 2026 सीजन शानदार रहा है, को भी टीम में शामिल किया गया है।
IPL टीम राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग को भारत की आगामी ट्राई-सीरीज के लिए उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। टीम में प्रतिभाशाली और होनहार घरेलू खिलाड़ियों का मिश्रण है, जिनमें प्रियांश आर्य, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज और अरशद खान शामिल हैं।
यह चयन भविष्य के अंतर्राष्ट्रीय असाइनमेंट के लिए युवा प्रतिभाओं को तराशने पर इंडिया ए के निरंतर फोकस को दर्शाता है, जिसमें कई IPL और घरेलू खिलाड़ियों को ट्राई-सीरीज के लिए टीम में जगह मिली है। इस ट्राई-सीरीज में मेजबान श्रीलंका ए, इंडिया ए और अफगानिस्तान A टीमें हिस्सा लेंगी। सीमित ओवरों की ट्राई-सीरीज के बाद इंडिया ए, श्रीलंका ए के खिलाफ दो मल्टी-डे मैच भी खेलेगी; इन रेड-बॉल मैचों के लिए टीम की घोषणा बाद में की जाएगी। व्हाइट-बॉल सीरीज दांबुला में खेली जाएगी, जबकि मल्टी-डे मैच गाले में होंगे।
ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया ए की अपडेटेड टीम :
तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उप-कप्तान), आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय।