Sports

मैड्रिड : यूईएफए चैंपियंस लीग में विनीसियस जूनियर के अहम गोल की बदौलत रियाल मैड्रिड ने बेनफिका को हराकर अंतिम 16 में जगह बना ली। सैंटियागो बर्नबेउ स्टेडियम में खेले गए दूसरे चरण के मुकाबले में रियाल ने 2-1 से जीत दर्ज की और कुल मिलाकर 3-1 से मुकाबला अपने नाम किया।

पहला चरण रियाल मैड्रिड ने 1-0 से जीता था। दूसरे चरण में बेनफिका ने 14वें मिनट में राफा सिल्वा के गोल से कुल स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। लेकिन दो मिनट बाद ही ऑरेलियन चोउमेनी ने रियाल के लिए गोल दागकर बढ़त दिला दी। मैच के 80वें मिनट में विनीसियस जूनियर ने शानदार गोल कर जीत पक्की कर दी। गोल के बाद उन्होंने कॉर्नर फ्लैग के पास जश्न मनाया।

नस्लीय टिप्पणी विवाद के बाद दमदार जवाब

पहले चरण के मैच के बाद विनीसियस ने बेनफिका के खिलाड़ी जियानलुका प्रेस्टियानी पर नस्लीय टिप्पणी करने का आरोप लगाया था। इस विवाद को पीछे छोड़ते हुए ब्राजीलियाई स्टार ने मैदान पर अपने प्रदर्शन से करारा जवाब दिया।

पीएसजी ने भी बढ़ाया कदम

मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने मोनाको को 3-2 के कुल स्कोर से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दोनों टीमों के बीच दूसरा चरण 2-2 से ड्रॉ रहा, लेकिन पहले चरण में मिली बढ़त ने पीएसजी को आगे पहुंचा दिया।

अटलांटा की रोमांचक जीत, युवेंटस बाहर

इटली की अटलांटा ने बोरुसिया डॉर्टमुंड के खिलाफ दूसरे चरण में 4-1 से शानदार जीत दर्ज की। कुल स्कोर 4-3 रहा और इस जीत के साथ अटलांटा ने अंतिम 16 में जगह बनाई।

वहीं युवेंटस की वापसी अधूरी रह गई। गैलाटासराय के खिलाफ दूसरे चरण में 3-2 से जीत के बावजूद उसे 7-5 के कुल स्कोर से टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।