लंदन: आर्सेनल के युवा विंगर मैक्स डोमैन ने इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) में इतिहास रच दिया है। 16 वर्षीय डोमैन लीग के इतिहास में सबसे कम उम्र में गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने एवर्टन के खिलाफ मुकाबले में स्टॉपेज टाइम में गोल करते हुए अपनी टीम को 2-0 की जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
शानदार गोल से बनाया रिकॉर्ड
मैक्स डोमैन ने मैच के आखिरी क्षणों में शानदार व्यक्तिगत प्रयास से गोल किया। उन्होंने अपने हाफ के बीच में गेंद पर नियंत्रण बनाया और तेजी से आगे बढ़ते हुए एवर्टन के दो खिलाड़ियों को चकमा दिया। इसके बाद उन्होंने शानदार शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ ही उन्होंने 16 साल और 73 दिन की उम्र में प्रीमियर लीग का नया रिकॉर्ड बना दिया।
केवल तीसरे मैच में रचा इतिहास
यह प्रीमियर लीग में डोमैन का केवल तीसरा मैच था। इतनी कम उम्र में इतना बड़ा रिकॉर्ड बनाकर उन्होंने फुटबॉल जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
कोच मिकेल आर्टेटा ने की तारीफ
आर्सेनल के कोच मिकेल आर्टेटा ने डोमैन के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। आर्टेटा ने कहा, 'वह किसी भी परिस्थिति या प्रतिद्वंद्वी से विचलित नहीं होता और हमेशा अपना स्वाभाविक खेल खेलता है। आज उसका प्रदर्शन अविश्वसनीय था।'
21 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
डोमैन ने एवर्टन के पूर्व खिलाड़ी जेम्स वॉन का रिकॉर्ड तोड़ा। वॉन ने 2005 में 16 साल और 270 दिन की उम्र में क्रिस्टल पैलेस के खिलाफ गोल किया था। डोमैन इससे पहले भी रिकॉर्ड बना चुके हैं। पिछले साल नवंबर में उन्होंने 15 साल और 308 दिन की उम्र में चैंपियंस लीग में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी का रिकॉर्ड बनाया था।
अभी भी स्कूल में पढ़ते हैं डोमैन
दिलचस्प बात यह है कि मैक्स डोमैन अभी भी स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। इतनी कम उम्र में उन्होंने पेशेवर फुटबॉल में शानदार शुरुआत कर दी है और भविष्य के बड़े स्टार के रूप में देखे जा रहे हैं।
आर्सेनल ने मजबूत की शीर्ष स्थान की पकड़
एवर्टन के खिलाफ जीत के साथ आर्सेनल ने अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। टीम के अब 31 मैचों में 70 अंक हो गए हैं और वह तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। वहीं दूसरे स्थान पर मौजूद मैनचेस्टर सिटी के 30 मैचों में 61 अंक हैं।मैनचेस्टर सिटी का मुकाबला वेस्ट हैम के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रहा। एक अन्य मैच में न्यूकैसल यूनाइटेड ने चेल्सी को 1-0 से हराया।
प्रीमियर लीग के सबसे कम उम्र के गोल स्कोरर
मैक्स डोमैन – 16 वर्ष 73 दिन (2026, आर्सेनल vs एवर्टन)
जेम्स वॉन – 16 वर्ष 270 दिन (2005, एवर्टन vs क्रिस्टल पैलेस)
जेम्स मिलनर – 16 वर्ष 356 दिन (2002, लीड्स vs सुंदरलैंड)
वेन रूनी – 16 वर्ष 360 दिन (2002, एवर्टन vs आर्सेनल)
रियो न्गुमोहा – 16 वर्ष 361 दिन (2025, न्यूकैसल vs लिवरपूल)