Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर Usman Tariq की गेंदबाजी एक्शन को लेकर विवाद गरमाया हुआ है। हालांकि पाकिस्तान के कप्तान Salman Ali Agha ने अपने गेंदबाज का खुलकर समर्थन किया है और उन्हें टीम का ‘ट्रम्प कार्ड’ बताया है।

गेंदबाजी एक्शन पर क्या बोले आगा?

तारिक की साइड-आर्म एक्शन, जिसमें वह गेंद छोड़ने से पहले हल्का विराम लेते हैं, को लेकर कुछ आलोचकों ने सवाल उठाए हैं। लेकिन आगा ने साफ कहा कि यह विवाद टीम को प्रभावित नहीं कर रहा।

उन्होंने कहा, 'आप लोगों ने उस्मान तारिक को बड़ा नाम बना दिया है। हमारे लिए सभी 15 खिलाड़ी अहम हैं। वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं और हमारे लिए ट्रम्प कार्ड हैं। उन्हें ICC से क्लीन चिट मिल चुकी है, फिर इस पर इतनी चर्चा क्यों?'

आगा ने यह भी कहा कि तारिक बाहरी बातों से प्रभावित नहीं होते और पूरी तरह आत्मविश्वास में हैं।

 टी20 में दमदार प्रदर्शन

28 वर्षीय उस्मान तारिक ने अब तक चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 11 विकेट लिए हैं, जिसमें एक चार विकेट हॉल भी शामिल है। मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका के खिलाफ उन्होंने चार ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे।

भारत के खिलाफ रिकॉर्ड पर बोले कप्तान

आगा ने स्वीकार किया कि टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ अच्छा नहीं रहा है। दोनों टीमें अब तक आठ बार आमने-सामने आई हैं, जिसमें भारत ने सात मैच जीते हैं और पाकिस्तान को सिर्फ एक जीत मिली है।

उन्होंने कहा, 'हम इतिहास नहीं बदल सकते। हर दिन नया दिन होता है और हर मैच नई शुरुआत।'

कब और कहां होगा मुकाबला?

भारत और पाकिस्तान के बीच यह बहुप्रतीक्षित मैच R. Premadasa Stadium में खेला जाएगा। भारत की कप्तानी Suryakumar Yadav कर रहे हैं। भारत ने अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर ग्रुप ए में +3.050 नेट रन रेट के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया है, जबकि पाकिस्तान भी दो जीत के साथ दूसरे स्थान पर है।