Sports

भुवनेश्वर : भारतीय पुरूष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा है कि देश में एक के बाद एक हॉकी विश्वकप की मेजबानी किया जाना उनके लिए बहुत ही गौरवान्वित करने वाला अहसास है। हॉकी इंडिया (एचआई) ने घोषणा की है कि भुवनेश्वर और राउरकेला में 2023 एफआईएच पुरूष हॉकी विश्वकप की मेजबानी की जाएगी। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में एक बार फिर प्रतिष्ठित विश्वकप का आयोजन होगा।

Sports

मनप्रीत ने कहा कि इस बात में कोई संदेह नहीं है कि कलिंगा स्टेडियम दुनिया का सर्वश्रेष्ठ स्टेडियम है जहां हमने खेला है। केवल भारत ही नहीं बल्कि बेल्जियम और हॉलैंड को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस यह स्टेडियम पसंद है। यह पहला मौका है जब भारत एक के बाद एक हॉकी विश्वकप की मेजबानी कर रहा है।

मनप्रीत ने कहा कि हमारे लिए यह बहुत गर्व का मौका है जब देश में ऐसा हो रहा है। वर्ष 2023 में हमारी आजादी को भी 75 वर्ष पूरे हो जाएंगे, ऐसे में यदि हम विश्वकप जीतकर इसका जश्न मनाएं तो यह कमाल का होगा। कलिंगा के अलावा राउरकेला में मेजबानी को लेकर मनप्रीत ने कहा कि राउरकेला और इसके आसपास के क्षेत्रों में हॉकी को लोग काफी पसंद करते हैं। हमारी टीम के बहुत सारे खिलाड़ी और कई सीनियर खिलाड़ी भी इस क्षेत्र से आते हैं।

Sports

उन्होंने कहा कि हॉकी प्रो लीग में हमारे पास कई बेहतरीन खिलाडिय़ों का पूल है। हमने अपनी विश्व में पांचवीं रैंकिंग को भी बरकरार रखा है लेकिन हमारी परीक्षा हॉकी प्रो लीग में होगी जहां हमारा सामना हॉलैंड, बेल्जियम और आस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों से होगा। भारतीय टीम फिलहाल भुवनेश्वर के बरहर राष्ट्रीय कोचिंग कैंप में हिस्सा ले रही है जो आठ दिसंबर को समाप्त होगा।