चेन्नई : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कनाडा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सका। कनाडा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 173 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। हार के बावजूद कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने अपनी टीम, खासकर 19 वर्षीय युवा बल्लेबाज युवराज समरा की जमकर तारीफ की।
बाजवा-युवराज की ऐतिहासिक साझेदारी
कनाडा की पारी की नींव दिलप्रीत बाजवा (39 गेंद में 36 रन) और युवराज समरा के बीच 100 रन की ओपनिंग साझेदारी ने रखी। युवराज ने इस मैच में शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया और वह टूर्नामेंट के सबसे युवा शतकवीर बने।
बाजवा ने कहा, 'हम पिछले दो मैचों में टॉप ऑर्डर से जल्दी विकेट गंवा रहे थे। इस बार हमारी योजना थी ज्यादा से ज्यादा ओवर खेलने की। युवराज को पूरा श्रेय जाता है। वर्ल्ड कप के सबसे युवा खिलाड़ी ने शतक लगाया, यह उसके और पूरे कनाडा के लिए गर्व का पल है।'
एक गेंदबाज की कमी पड़ी भारी
कप्तान ने माना कि तेज गेंदबाज कलीम सना की अनुपस्थिति टीम को भारी पड़ी। उन्होंने कहा कि स्पिनरों को मदद मिल रही थी, लेकिन एक गेंदबाज कम होने से संतुलन बिगड़ गया। 'हमें लगा था कि गेंद स्पिन करेगी और हमारे स्पिनर असरदार रहे, लेकिन एक गेंदबाज की कमी ने असर डाला,' बाजवा ने कहा।
एसोसिएट टीमों को चाहिए ज्यादा मौके
बाजवा ने फुल-मेंबर टीमों के खिलाफ ज्यादा मैच खेलने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “जब हम बड़ी टीमों के खिलाफ खेलते हैं, तो हमें अपनी कमियों का पता चलता है। हमें ऐसे मुकाबले ज्यादा चाहिए। अभी हम प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, लेकिन अनुभव बढ़ेगा तो हम जीत भी दर्ज करेंगे।”
उन्होंने याद दिलाया कि पिछले वर्ल्ड कप में कनाडा ने आयरलैंड को हराया था और इस बार भी टीम जीत की तलाश में है। युवराज की पारी के बाद उन्हें उम्मीद है कि कनाडाई क्रिकेट को और समर्थन मिलेगा।
अगली चुनौती के लिए तैयार
हार के बावजूद बाजवा आशावादी नजर आए। उन्होंने कहा, 'हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं है, जीतने के लिए सब कुछ है। हम अगले मैच में पूरी ताकत के साथ उतरेंगे और अच्छा प्रदर्शन करेंगे।'