स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लेग स्पिनर रवि बिश्नोई शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में उन्होंने चार विकेट लेकर रिकॉर्ड बना दिया। खराब आईपीएल 2025 सीजन के बाद बिश्नोई ने जोरदार वापसी की है और अब वह पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। उनकी इस वापसी की पूर्व भारतीय स्पिनर Ravichandran Ashwin ने जमकर तारीफ की है।
अश्विन ने LSG मैनेजमेंट पर उठाए सवाल
अश्विन का मानना है कि Ravi Bishnoi को Lucknow Super Giants ने सही तरीके से हैंडल नहीं किया, जिसके कारण उनकी वैल्यू कम हो गई। अश्विन ने कहा, 'अब समय है कि उसे क्रेडिट दिया जाए। उसके पास पर्पल कैप है और वह उस पर अच्छा लग रहा है, क्योंकि पिछले सीजन में उसे काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। मुझे पूरा यकीन था कि वह 10-12 करोड़ में बिकेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।'
CSK पर भी कसा तंज
अश्विन ने Chennai Super Kings पर भी तंज कसते हुए कहा कि टीम ने 7 करोड़ के बाद बोली लगाना बंद कर दिया, क्योंकि उन्हें लगा कि Rahul Chahar और बिश्नोई में ज्यादा फर्क नहीं है। अश्विन ने कहा, 'सीएसके ने 7 करोड़ पर बोली रोक दी, क्योंकि उन्हें लगा कि रवि बिश्नोई और राहुल चाहर में ज्यादा अंतर नहीं है। जिस तरह एलएसजी ने उसे हैंडल किया, उसी वजह से उसकी मार्केट वैल्यू गिर गई। मैं रवि बिश्नोई 2.0 की वापसी का इंतजार कर रहा हूं।'
गुजरात के खिलाफ रिकॉर्ड प्रदर्शन
गुजरात टाइटंस के खिलाफ बिश्नोई ने 4 ओवर में 41 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्होंने साई सुदर्शन, ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया जैसे बल्लेबाजों को आउट किया। वह गुजरात टाइटंस के खिलाफ चार विकेट लेने वाले पहले स्पिनर बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रुणाल पांड्या के नाम था, जिन्होंने 2024 में 3 विकेट लिए थे।
पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे
रवि बिश्नोई इस समय पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे हैं। उन्होंने दो मैचों में 5 विकेट लिए हैं और उनका औसत 11.40 का है। पिछले सीजन में उन्होंने 11 मैचों में सिर्फ 9 विकेट लिए थे और काफी महंगे साबित हुए थे, लेकिन इस सीजन में उन्होंने शानदार वापसी कर आलोचकों को जवाब दे दिया है।