Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में Lucknow Super Giants ने 15 मई को अपने घरेलू मैदान पर Chennai Super Kings को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। हालांकि इस जीत के बाद भी कप्तान Rishabh Pant पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने टीम के पूरे सीजन पर निराशा जताते हुए कहा कि सही सोच होने के बावजूद खिलाड़ी मैदान पर उसे लागू नहीं कर सके।

पंत ने बताई LSG के खराब सीजन की वजह

मैच के बाद प्रेजेंटेशन में ऋषभ पंत ने कहा कि टीम की शुरुआत से ही योजना थी कि दो विदेशी बल्लेबाज ओपनिंग करें और निकोलस पूरन नंबर-3 पर बल्लेबाजी करें। लेकिन पूरी टीम उस रणनीति को लगातार लागू नहीं कर सकी। पंत ने कहा, 'हमारी पहली सोच यही थी कि दो विदेशी खिलाड़ी ओपनिंग करें और निकी (पूरन) नंबर-3 पर बल्लेबाजी करें। लेकिन कई बार ऐसा हुआ कि हमारी सोच मैदान पर लागू नहीं हो पाई। यही सबसे ज्यादा निराश करने वाली बात रही।'

‘बहुत ज्यादा थॉट प्रोसेस नुकसान पहुंचाता है’

LSG कप्तान ने इशारों-इशारों में टीम मैनेजमेंट और बड़े कोचिंग स्टाफ पर भी सवाल उठाए। उनका मानना है कि ड्रेसिंग रूम में जरूरत से ज्यादा अलग-अलग सोच टीम के प्रदर्शन को नुकसान पहुंचाती है।

उन्होंने कहा, 'सबसे ज्यादा निराशा तब होती है जब आपको पता हो कि आपकी टीम में कितनी क्षमता है, लेकिन छोटी-छोटी चीजें और अलग-अलग सोच के कारण आप अपने प्लान को लागू नहीं कर पाते। कभी-कभी बहुत ज्यादा थॉट प्रोसेस भी नुकसान पहुंचाता है।'

मार्श और इंग्लिस ने दिलाई धमाकेदार जीत

188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मिशेल मार्श ने विस्फोटक बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में 90 रन ठोक दिए, जिसमें नौ चौके और सात छक्के शामिल रहे। वहीं जोश इंग्लिस ने 32 गेंदों पर 36 रन बनाए। दोनों के बीच 135 रन की साझेदारी ने मैच पूरी तरह LSG के पक्ष में कर दिया। निकोलस पूरन ने भी नंबर-3 पर उतरकर 17 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेली।

टॉप ऑर्डर का फॉर्मूला देर से मिला

LSG के लिए इस सीजन सबसे बड़ी समस्या बल्लेबाजी क्रम रहा। मिशेल मार्श बड़े स्कोर तो बना रहे थे लेकिन निरंतरता की कमी थी। जोश इंग्लिस भी सीजन के आधे से ज्यादा मैच गुजरने के बाद टीम से जुड़े। दूसरी तरफ निकोलस पूरन को नंबर-3 से हटाने का फैसला भी सफल नहीं रहा। पूरन के दोबारा नंबर-3 पर लौटने के बाद उन्होंने फिर से आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी। वहीं एडेन मार्करम भी ओपनिंग में संघर्ष के बाद मिडिल ऑर्डर में भेजे गए।

जीत के बावजूद पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे

CSK पर जीत के बावजूद LSG अभी भी पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे बनी हुई है। टीम के आठ अंक हैं और नेट रन रेट मुंबई इंडियंस से भी खराब है। अब उनके पास सिर्फ दो मुकाबले बचे हैं। LSG का अगला मैच 19 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होगा, जबकि आखिरी लीग मैच 23 मई को पंजाब किंग्स से खेला जाएगा। प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी LSG अब बाकी टीमों का खेल बिगाड़ सकती है।