Sports

सिलहट(बांग्लादेश): बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रचते हुए पाकिस्तान को दूसरे टेस्ट में 78 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने आखिरी दिन संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम रिकॉर्ड रन चेज पूरा करने में नाकाम रही।

मोहम्मद रिजवान ने एक छोर संभालते हुए शानदार 94 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन वह टीम को ऐतिहासिक जीत नहीं दिला सके। रिजवान के आउट होते ही पाकिस्तान की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो गईं और बांग्लादेश ने लगातार दूसरी बार पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप कर दिया।

रिजवान ने दिखाई लड़ाई, लेकिन नहीं मिला साथ

437 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने पांचवें दिन 316/7 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। शुरुआत में रिजवान को जीवनदान भी मिला, जब मेहदी हसन मिराज ने उनका कैच छोड़ दिया। इसके बाद रिजवान और साजिद खान ने तेज बल्लेबाजी करते हुए आठवें विकेट के लिए 50 रन जोड़े।

साजिद खान 28 रन बनाकर ताइजुल इस्लाम का शिकार बने। इसके बाद रिजवान अकेले लड़ते रहे, लेकिन शोरीफुल इस्लाम की गेंद पर आउट होकर शतक से सिर्फ 6 रन दूर रह गए। उन्होंने 166 गेंदों में 94 रन बनाए। आखिर में ताइजुल ने खुर्रम शहजाद का विकेट लेकर बांग्लादेश को 78 रन की शानदार जीत दिलाई।

ताइजुल इस्लाम बने जीत के हीरो

बांग्लादेश की जीत के सबसे बड़े हीरो लेफ्ट आर्म स्पिनर ताइजुल इस्लाम रहे। उन्होंने दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। ताइजुल ने मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए लगातार दबाव बनाए रखा और अहम मौकों पर विकेट निकाले।

मुश्फिकुर और लिटन दास ने रखा जीत की नींव

पहली पारी में बांग्लादेश 278 रन पर ऑलआउट हुआ था, जिसमें लिटन दास ने 126 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में पाकिस्तान की टीम 232 रन ही बना सकी। बाबर आजम ने 68 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज फ्लॉप रहे।

दूसरी पारी में बांग्लादेश ने मैच पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया। अनुभवी बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम ने 137 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि लिटन दास ने 69 रन बनाए। बांग्लादेश ने 390 रन बनाकर पाकिस्तान के सामने 437 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा।

पाकिस्तान की लगातार चौथी हार

यह पाकिस्तान की बांग्लादेश के खिलाफ लगातार चौथी टेस्ट हार रही। इस हार के साथ ही शान मसूद की कप्तानी पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। टीम का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने का सपना भी इस हार से बड़ा झटका लगा है।

मैच का परिणाम

बांग्लादेश ने पाकिस्तान को दूसरे टेस्ट में 78 रन से हराया

बांग्लादेश: 278 और 390
पाकिस्तान: 232 और 358
बांग्लादेश ने सीरीज 2-0 से जीती

NO Such Result Found