Sports

खेल डैस्क :  एशिया कप 2022 के तहत सुपर 4 का पहला मुकाबला श्रीलंका ने जीत लिया है। अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में श्रीलंका को जीत के लिए 176 रन बनाने थे जो उन्होंने बल्लेबाजों के मिले जुले प्रदर्शन के दम पर 20वें ओवर में ही हासिल कर लिया। इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतने के बाद अफगानिस्तान को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया था। अफगानिस्तान ने गुरबाज के 84 तो इब्राहिम जादरान के 40 रनों की बदौलत 6 विकेट खोकर 175 रन बनाए थे।

अफगानिस्तान (पहली पारी)

  • अफगानिस्तान की ओर से पहले खेलते हुए ओपनर्स जजई और गुरबाज की ओर से तूफानी शुरूआत की गई। जजई ने 16 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 13 रन बनाए। उन्हें मधुशंका ने पवेलियन लौटाया। लेकिन दूसरे छोर पर खड़े रहमानुल्लाह गुरबाज ने तेजतर्रार शॉट लगाए और 12 ओवर में ही अफगानिस्तान का स्कोर 100 पार करा दिया। इब्राहिम जादरान भी हाथ खोलते हुए नजर आए। 
  • गुरबाज ने 45 गेंदों में चार चौके और छह छक्कों की मदद से 84 रन बनाए। यह गुरबाज की टी-20 इंटरनेशनल में पांचवीं फिफ्टी थी। 20 साल के गुरबाज की इसी के साथ टी-20 में स्ट्राइक रेट 138 हो गई है। अफगानिस्तान का तीसरा विकेट इब्राहिम जादरान के रूप में गिरा जिन्होंने 38 गेंदों में 40 रन बनाए।
  • 19वें ओवर में अफगानिस्तान दो लगातार दो विकेट गंवाए। पहले मोहम्मद नबी एक रन बनाकर कैच आऊट हो गए तो बाद में नजीबुल्लाह जादरान 17 रन बनाकर रन आऊट हो गए। 

 

श्रीलंका (दूसरी पारी)

  • श्रीलंकाई टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए ओपनर्स पाथुम निसांका और कुसल मेंडिस की बदौलत तेजतर्रार शुरूआत की। श्रीलंका पहले पावरप्ले में ही 10 की रन रेट से रन बना रहा था तभी कुसल मेंडिस नवीन उल हक की गेंद पर आऊट हो गए। उन्होंने 19 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 36 रन बनाए। 
  • निसांका ने भी इस दौरान हाथ खोले लेकिन नौवें ओवर में मुजीब ने उन्हें गुरबाज के हाथों आऊट कर श्रीलंका को दूसरा झटका दे दिया। निसांका ने 28 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाए। असलांका जहां 8 रन बनाकर आऊट हो गए तो वहीं कप्तान दासुन शनाका महज 10 रन ही बना पाए। गुणाथिलके ने रन बनाने जारी रखे लेकिन वह राशिद से बच नहीं पाए। राशिद की एक गेंद उनकी विकेट उखाड़ ले गई। गुणाथिलके ने 20 गेंदों में 33 रन बनाए। 
  • अंत में भानुका राजपक्षे ने 14 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए और श्रीलंका को जीत के करीब पहुंचा दिया।  बाकी वानिंदु हसरंगा ने 9 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाए और 20वें ओवर में जीत हासिल कर ली। 


अफगानिस्तान : हजरतुल्लाह जजई, रहमानुल्ला गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, मोहम्मद नबी (कप्तान), नजीबुल्लाह जादरान, करीम जनत, समीउल्लाह शिनवारी, राशिद खान, नवीन-उल-हक, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी
श्रीलंका : पथुम निसानका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), चरिथ असलंका, दनुष्का गुणथिलका, भानुका राजपक्षे, दासुन शनाका (कप्तान), वनिन्दु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, महेश थीक्षाना, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका।