Sports

स्पोर्ट्स डैस्क: एशिया कप 2023 की तारीखों का ऐलान हो चुका है। टूर्नामेंट की शुरूआत 31 अगस्त को होगी। पहला मैच पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा और फाइनल मुकाबला 17 सितंबर को खेला जाएगा।

एशिया कप के 16वें संस्करण में पाकिस्तान को चार मैचों की मेजबानी करनी है और बाकी के मैच श्रीलंका में होंगे। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और नेपाल टूर्नामेंट में भाग लेंगे जिसमें कुल 13 वनडे मैच होंगे। टूर्नामेंट में इस साल तीन-तीन टीमों के दो ग्रुप होंगे, जिसमें शीर्ष दो टीमें सुपर फोर चरण में जगह बनाएंगी। सुपर फोर की शीर्ष दो टीमें फिर 17 सितंबर को फाइनल खेलेंगी।

भारत, पाकिस्तान और नेपाल एक ग्रुप में हैं जबकि श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान दूसरे ग्रुप में हैं। नेपाल ने इस साल की शुरुआत में काठमांडू में एसीसी मेन्स प्रीमियर कप के फाइनल में यूएई को हराकर मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया था। श्रीलंका मौजूदा चैंपियन है, जिसने पिछले साल फाइनल में पाकिस्तान को संयुक्त अरब अमीरात में हराया था।

1984 में शुरू हुआ था एशिया कप, भारत सबसे ज्यादा बार रहा विजेता

एशिया कप का पहला संस्करण 1984 में यूएई में खेला गया था और अब तक एशिया कप के 15 संस्करण खेले जा चुके हैं। भारत सबसे ज्यादा 7 बार एशिया कप का खिताब जीत चुका है, जबकि श्रीलंका एशिया कप में दूसरा सबसे सफल देश रहा है। श्रीलंका 6 बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर चुका है। वहीं पाकिस्तान दो बार ही एशिया कप अपने नाम कर पाया है। साल 2022 में एशिया कप का खिताब श्रीलंका ने जीता था।

1984 से 2022 तक एशिया कप विजेताओं की सूची

1984 - भारत 
1986 - श्रीलंका 
1988 - भारत 
1991 - भारत 
1995 - भारत 
1997 - श्रीलंका 
2000 - पाकिस्तान 
2004 - श्रीलंका 
2008 - श्रीलंका 
2010 - भारत 
2012 - पाकिस्तान
2014 - श्रीलंका 
2016 - भारत 
2018 - भारत 
2022 - श्रीलंका